अशोक परनामी ने सचिन पायलट पर लगाए आरोप, कहा कांग्रेस जो भी करती है वो सिर्फ सत्ता पाने के लिए करती है
जयपुर। विधायक अशोक परनामी ने कहा है कि कांग्रेस 60 साल से अधिक समय तक सत्ता में रहने के बावजूद आज तक किसानों की स्थिति नहीं सुधार पाई। राज्य सरकार ने इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में किसानों का ऋण माफ करने का महत्वपूर्ण निर्णय किया है, लेकिन कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष किसानों की भलाई के इस फैसले से बौखला गए हैं और इस पर भी राजनीति करने से नहीं चूक रहे हैं।
परनामी ने कहा है कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को किसानों के कल्याण के लिए उठाए गए इस कदम का स्वागत करना चाहिए। इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब प्रदेश के 29 लाख से अधिक किसानों का कर्ज माफ होगा और वे संकट से बाहर निकलेंगे, जबकि यूपीए सरकार में वर्ष 2008 में ऋण माफी की गई तो प्रदेश के केवल 8 लाख 29 हजार किसानों को इसका लाभ मिला। यूपीए सरकार ने तब प्रदेश के किसानों का केवल 1345 करोड़ रुपए का ऋण माफ किया, जबकि हमारी सरकार करीब 8 हजार 500 करोड़ रुपए का कर्ज माफ करने जा रही है। साथ ही सरकार जिन किसानों का ऋण माफ कर रही है, उनसे आवेदन मिलते ही नया ऋण भी स्वीकृत कर रही है।
परनामी ने कहा है कि इतना ही नहीं कर्ज में फंसे सभी किसानों को मुसीबत से बाहर निकालने के लिए पहली बार प्रदेश में एक स्थायी संस्था के रूप में राजस्थान राज्य कृषक ऋण राहत आयोग का गठन किया जा रहा है, जो मेरिट के आधार पर हर उस किसान को राहत देगा, जो कर्ज के कारण संकट में फंसा हुआ है।
परनामी ने कहा है कि कांग्रेस ने किसानों को झूठे वादों और नारों के अलावा कुछ नहीं दिया, लेकिन भाजपा किसानों के साथ हर संकट की घड़ी में खड़ी रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा है किसान कल्याण के लिए हमारी सरकार को कितना भी ऋण लेना पड़े, वह लेगी, लेकिन हमारे किसान भाइयों को कभी परेशानी में नहीं आने देगी। उनके हित में किसी भी निर्णय से सरकार कभी पीछे नहीं हटेगी।
परनामी ने कहा है कि कांग्रेस किसान हितैषी बनने का ढोंग रचने से बाज आए, क्योंकि किसान कांग्रेस की फितरत को जान चुके हैं और अब उनके बहकावे में नहीं आने वाले। कांग्रेस केवल सत्ता हथियाने के लिए किसानों को याद करती है।