
जयपुर
राजस्थान में नहीं थम रहा तेज़ रफ़्तार का कहर,एक बार फिर सड़क हादसों ने छीनी दो जिंदगिया। दिल्ली-जयपुर मार्ग पर आज सुबह एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। जिसके बाद खातोलाई पुलिया पर करीब पौन घंटे तक जाम लगा रहा, और इससे वाहनों की लम्बी लाइन लग गई। जिसके बाद सूचना पर मौके पर पहुंच कर पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करवाया, और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
READ: पेट्रोल-डीज़ल कीमतों में 'नॉन-स्टॉप' बढ़ोतरी से राजस्थान भी प्रभावित, CM राजे ने तोड़ी चुप्पी, जानें क्या कहा
पुलिस के अनुसार आज सुबह करीब छह बजे निझंर मोड खातोलाई पुलिया के पास एक कार बेकाबू होकर ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। इतना ही नहीं इस हादसे में कार सवार दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका उपचार अभी निजी अस्पताल में जारी है।
READ: AIIMS 2018 : परीक्षा में ऐसे भी होती है नकल, CCTV कैमरे की मदद से नकल का खेल खत्म
मृतकों की पहचान उनके पास मिले आधार कार्ड से दिल्ली निवासी मूलचंद व शंशाक के रूप में हुई है। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को भी दे दी है। परिजनों के जयपुर ? आने पर उनके शवों का पोस्टमार्टम होगा। हादसे के बाद हाइवे पर करीब आधा किलोमीटर लम्बा जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर थाने पर खड़ा करवा दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस इस मामले की छानबीन में लगी हुई है।