
नौकरी देने में नाकाम सरकार तो युवक ने किया कुछ एेसा कि हिल गई सरकार
जयपुर। बेरोजगारी से परेशान परमेश मीणा के मन में सरकार को परेशान करने की खुराफात सूझी और उसने इस मानस के साथ पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर सीएम आवास के पास में बम रखे जाने की सूचना दे दी। यह बात परमेश मीणा ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताई। सूचना के बाद पुलिस व प्रशासन में खलबली मच गई। देर रात तक तलाशी के बाद जब कुछ नहीं मिला तो पुलिस ने राहत की सांस ली। रात को पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया और आज सुबह उसे कोर्ट में पेश कर दिया। इस सूचना के बाद रातभर बड़ी संख्या में पुलिस का जाप्ता तैनात रहा। सीएम आवास व उसका आस-पास का इलाका आज भी पुलिस के सुरक्षा घेरे में है। पुलिस के आलाधिकारियों के साथ तीन थानों की पुलिस व लाइन का जाप्ता तैनात रहा।
पुलिस के अनुसार परमेश मीणा ने राजस्थान पुलिस की साइट पर अधिकारियों के नम्बर खंगाले। इसके बाद उसने कमिश्नर संजय अग्रवाल के कार्यालय के नम्बरों पर कॉल किया, दो-तीन बार कॉल करने के बाद जब किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया तो उसने पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर दिया। रात होने के कारण किसी ने कमिश्नर कार्यालय में उसका कॉल नहीं उठाया जा सका था। परमेश मीणा के खिलाफ विधायकपुरी थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। परमेश के खिलाफ धारा १८२ और १७७ में मामला दर्ज करवाया गया है। परमेश मीणा से पूछताछ की जा रही है। युवक की कुछ समय पहले ही शादी हुई थी। परमेश की बेरोजगारी को लेकर उसके परिजन भी परेशान है। परमेश के खिलाफ ब्रह्मपुरी थाने में भी मारपीट का मामला दर्ज है।
गौरतलब है कि गुरूवार रात करीब आठ बजे किसी ने कंट्रोल रूम में सूचना देकर मुख्यमंत्री आवास के पास में बम रखे जाने और उसके कुछ देर में फटने की सूचना दी थी जिसके बाद सिविल लाइंस में करीब तीन घंटे तक बम की झूठी सूचना का खौफ पसरा रहा। आनन-फानन में जयपुर कमिश्नरेट के अफसर, एटीएस व क्यूआरटी के जवान मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके को सील कर सीएम आवास व आसपास में सर्च अभियान चलाया गया। डॉग स्क्वायड ने पूरे इलाके को छान मारा कुछ नहीं मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने फर्जी सूचना देने के आरोप में 23 वर्षीय युवक परमेश मीणा को ब्रह्मपुरी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया था कि आरोपी परमेश मीणा ने कंट्रोल रूम को सूचना देने के बाद सिम निकाल कर तोड़कर फेंक दी और जलमहल की तरफ घूमने चला गया।