जयपुर

Mount Abu: देलवाड़ा जैन मंदिर में गेर नृत्य करने वाले 40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, दो गिरफ्तार

दो दिन पूर्व मंदिर में गेर नृत्य करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासन ने आपत्ति जताई थी।
2 min read
• •
Updated: 12 Mar 2023, 10:34 AM IST
dilwada_jain_temple1.png

माउंट आबू /पत्रिका न्यूज नेटवर्क. होली के पर्व पर हिल स्टेशन माउंट आबू के देलवाड़ा जैन मंदिर में कुछ लोगों को गेर नृत्य करना महंगा पड़ गया। गेर नृत्य करने के विरोध में जैन मंदिर प्रशासन ने पूरे मामले को लेकर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दो दिन पूर्व मंदिर में गेर नृत्य करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासन ने आपत्ति जताई थी। हालांकि यह मामला होली के 2 दिन बाद का है, लेकिन जैसे ही सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो मंदिर प्रशासन ने 9 मार्च को पुलिस थाने में करीब 40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। इधर, अब पुलिस ने इस मामले को लेकर शनिवार को गेर नृत्य करने वाले हेमंत सिंह व प्रकाश को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी किशोर सिंह भाटी ने बताया कि होली का पर्व होने के कारण गेर नृत्य करने वाले अधिकतर लोगों के चेहरों पर कलर व गुलाल लगा होने के कारण उनकी शिनाख्त नहीं हो पा रही है। बावजूद इसके पुलिस मामले की जांच कर शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

10 आरोपियों की शिनाख्त:
माउंट आबू थानाधिकारी किशोर सिंह भाटी के अनुसार 7 मार्च को धुलण्डी के मौके पर देलवाड़ा के स्थानीय लोग और आसपास के दुकानदार मंदिर में माता के दर्शन के लिए गए थे। उनके द्वारा इस बार जैन मंदिर में भगवान आदिनाथ की प्रतिमा के आगे मना करने के बाद भी गेर खेली गई। जिससे जैन समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची। मामले में आईपीसी की धारा 295 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 10 नामजद आरोपियों की शिनाख्त हो गई है, जिनमें से 2 को गिरफ्तार किया है। अन्य को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Published on: