जयपुर

IAS सीताराम जाट का देसी अंदाज: बेटे की शादी में लोकगीतों पर जमकर थिरके शिक्षा निदेशक, वीडियो देख कायल हुए लोग

जयपुर के फागी में बेटे की शादी के दौरान IAS अधिकारी सीताराम जाट का अलग अंदाज देखने को मिला। राजस्थानी लोकगीतों पर मंच पर उनका नृत्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। गंभीर प्रशासनिक छवि वाले जाट का यह पारिवारिक और सांस्कृतिक रूप लोगों को खूब भाया।
2 min read
Jan 29, 2026
IAS Sitaram Jat Dance (Image taken from viral video)

IAS Sitaram Jat Dance: जयपुर: राजस्थान की प्रशासनिक गलियारों में अपनी गंभीर और अनुशासनप्रिय छवि के लिए पहचाने जाने वाले IAS अधिकारी सीताराम जाट इन दिनों एक अलग ही अवतार में नजर आ रहे हैं। मौका था उनके बेटे के विवाह समारोह का, जहां जयपुर के फागी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मंच पर राजस्थानी लोकगीतों पर जमकर नृत्य किया।

आमतौर पर फाइलों और बैठकों में व्यस्त रहने वाले अधिकारी का यह सहज और पारिवारिक अंदाज सोशल मीडिया से लेकर गांव की चौपालों तक चर्चा का विषय बना हुआ है। इस भव्य विवाह समारोह में राजस्थान की राजनीति के दिग्गज चेहरे भी नजर आए।

उप-मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई विधायक और सामाजिक हस्तियां वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे। लेकिन सबकी नजरें तब ठहर गईं, जब मंच पर राजस्थानी लोकधुनों की गूंज उठी और खुद सीताराम जाट अपने बेटे की खुशी में थिरकने लगे। उनके डांस को देखकर मेहमानों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।

कौन हैं IAS सीताराम जाट?

सीताराम जाट राजस्थान कैडर के एक वरिष्ठ और अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी हैं। वर्तमान में वे बीकानेर स्थित माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में निदेशक के महत्वपूर्ण पद पर तैनात हैं। इससे पहले वे प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। शिक्षा विभाग में उनका लंबा अनुभव रहा है, जहां वे सरकारी स्कूलों के कायाकल्प, शिक्षकों की पदोन्नति और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं।

सरकारी स्कूल से तय किया IAS तक का सफर

सीताराम जाट की सफलता की कहानी आज के युवाओं के लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं है। हाल ही में अपने पैतृक गांव चौरू (फागी) के सरकारी स्कूल के वार्षिकोत्सव में उन्होंने अपनी संघर्ष गाथा साझा की थी। उन्होंने बताया था कि उनकी शुरुआती शिक्षा इसी गांव की गलियों और सरकारी स्कूल के कमरों में हुई थी।

प्रशासनिक छवि और लोक संस्कृति का मिलन

अक्सर माना जाता है कि बड़े पदों पर बैठे अधिकारी अपनी परंपराओं और लोक संस्कृति से दूर हो जाते हैं, लेकिन सीताराम जाट ने अपने बेटे की शादी में लोकनृत्य कर यह साबित कर दिया कि वे अपनी जड़ों से आज भी गहराई से जुड़े हुए हैं। शिक्षा विभाग में बड़े बदलावों के सूत्रधार माने जाने वाले जाट का यह वीडियो अब वायरल हो रहा है, जिसे लोग एक 'आदर्श पिता' और 'जड़ों से जुड़े अधिकारी' की मिसाल मान रहे हैं।

Updated on:
29 Jan 2026 12:29 pm
Published on:
29 Jan 2026 12:29 pm