जयपुर

IMD Warning: राजस्थान में मौसम को लेकर नई भविष्यवाणी, अगले 180 मिनट में इन 26 जिलों में बारिश की संभावना

Rajasthan Rain Alert: राजस्थान में लगातार दूसरे दिन प्री-मानसून की बारिश जारी है। मौसम विभाग ने अगले 3 घटे तक 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
less than 1 minute read
Jun 15, 2025
rajasthan-rain-3
राजस्थान में बारिश। फोटो: पत्रिका

जयपुर। राजस्थान में लगातार दूसरे दिन प्री-मानसून की बारिश जारी है। पाली, सवाई माधोपुर, बूंदी सहित कई जिलों में आज बारिश हुई। वहीं, अधिकतर शहरों में बादल छाए हुए हैं। इसी बीच मौसम विभाग का डबल अलर्ट सामने आया है। मौसम विभाग ने अगले 3 घटे तक 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने अलवर, जयपुर, भीलवाड़ा और दौसा में मेघगर्जन के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने मेघगर्जन के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और पेड़ों के नीचे खड़े ना होने की सलाह दी है।

इन जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे तक प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, नागौर, सवाईमाधोपुर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, बारां, कोटा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, अजमेर में मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

डूंगरपुर के सागवाड़ा में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे की बात करें तो डूंगरपुर के सागवाड़ा में सबसे ज्यादा 72 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, बदले मौसम के चलते कई शहरों में दिन का तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।