
Monsoon in Rajasthan: जयपुर। भीषण गर्मी से झुलस रहे राजस्थान में इन दिनों तापमान 45 डिग्री के पार जा पहुंचा है। लू और तेज धूप ने आमजन का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है। ऐसे में एक राहत भरी खबर आई है। इस बार मानसून समय पर ही प्रदेश में दस्तक देगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस साल मानसून निर्धारित समय से चार दिन पहले देश में एंट्री करेगा, जिससे राजस्थान में भी इसकी समय पर आमद तय मानी जा रही है।
राजस्थान में आमतौर पर मानसून की शुरुआत 25 जून के आसपास मानी जाती है। खास बात यह है कि पिछले 6 सालों में भी ज्यादातर बार मानसून ने जून के आखिरी सप्ताह में ही राज्य में प्रवेश किया है। कुछ वर्ष अपवाद जरूर रहे, जब या तो मानसून समय से पहले आ गया या फिर थोड़ी देरी हुई। आइए जानते हैं पिछले 6 वर्षों में मानसून का राजस्थान में कब हुआ स्वागत।
| वर्ष | मानसून की एंट्री की तारीख |
|---|---|
| 2024 | 25 जून |
| 2023 | 25 जून |
| 2022 | 30 जून |
| 2021 | 18 जून |
| 2020 | 24 जून |
| 2019 | 24 जून |
पिछले कुछ वर्षों में यह भी देखा गया है कि मानसून केवल समय ही नहीं, बल्कि अपने मार्ग में भी बदलाव करता रहा है। परंपरागत रूप से मानसून कोटा और उदयपुर संभाग के रास्ते आता है, लेकिन 2022 में यह कोटा और भरतपुर संभाग से प्रवेश कर गया।
Monsoon Rainfall Trends: आईएमडी के ताजा अनुमान के अनुसार, इस साल मानसून देश में निर्धारित समय से चार दिन पहले एंट्री करेगा। मौसम विभाग के अनुसार केरल में चार दिन पहले यानी 27 मई को मानूसन की एंट्री होगी। जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि राजस्थान में भी मानसून अपनी परंपरागत तारीख 25 जून को ही दस्तक देगा। यदि ऐसा होता है, तो यह लगातार तीसरा साल होगा जब मानसून तय समय पर एंट्री करेगा। हालांकि मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि वे राजस्थान में मौसम की एंट्री की लगतार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसके बारे में यथासमय बता दिया जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 17 मई 2025 को दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरोस क्षेत्र के कुछ हिस्सों, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के शेष भागों तथा पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी है। यह मानसून की समय से पहले शुरुआत मानी जा रही है।