
Weather Update : मौसम विभाग के नए पूर्वानुमान के अनुसार राजस्थान में 4 नवंबर से 9 नवंबर तक मौसम शुष्क रहेगा। राज्य में फिलहाल कहीं भी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। इसी बीच तापमान में उतार चढ़ाव जारी है। 3 नवंबर को राजस्थान में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.6 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान प्रदेश में माउंट आबू का 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से बीते कुछ दिन पहले जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी वहीं गुलाबी सर्दी का अहसास होने लगा था। लेकिन अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही प्रदेश में फिर तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
नए चक्रवाती तूफान मुरासू के राजस्थान पर किसी भी तरह प्रभाव से मौसम विभाग इनकार कर ही चुका है ऐसे में फिलहाल कुछ दिन प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल एक बार फिर कहीं कहीं बादलों का डेरा है और तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की जा रही है। सुबह और रात को हल्की सर्दी का अहसास होता है जबकि दिन में पंखें चलाने पड़ रहे हैं। अभी तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां होने के आसार नहीं हैं। चक्रवाती तूफान मुरासु का भी राजस्थान के मौसम पर कोई प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने और दिन में धूप निकलने का अनुमान है। रात के तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रह सकती है।
प्रदेश के कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। फलोदी में रात का तापमान 21.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है। श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री, बीकानेर में 3.7 डिग्री और बाड़मेर में 2.8 डिग्री अधिक दर्ज हुआ। जैसलमेर में भी रात का तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है।
वेदर स्टेशन-अधिकतम तापमान
बाड़मेर- 36.6
जैसलमेर- 35.5
जोधपुर शहर- 35.3
चूरू-34.5
पिलानी- 34.3
जालौर- 34-1
जवाई डेम पाली- 34।
वेदर स्टेशन-न्यूनतम तापमान
माउंट आबू- 11.9
फतेहपुर- 12.5
सीकर- 12.5
भीलवाड़ा- 14.7
डबोक- 14.9
नागौर- 15.1
चित्तौड़गढ़- 15.2
अजमेर- 15.4
पिलानी - 15.7।