Father Killed 18 Month Son: आरोपित पिता को डिटेन कर बोरवेल में बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमों को बुलाया। गुरुवार देर रात तक रेस्क्यू जारी रहा।
Jaipur Crime News: दीपोला गांव में नशे के आदी पिता ने पारिवारिक कलह के चलते अपने 18 माह के मासूम बच्चे की हत्या कर शव को खुले बोरवेल में फेंक दिया। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी कुछ दिन से मायके गई हुई थी। बच्चा किसी बीमारी से भी पीड़ित था, जिसे लेकर घर में तनाव चल रहा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित पिता को डिटेन कर बोरवेल में बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमों को बुलाया। बुधवार रात हुई इस घटना के बाद गुरुवार देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा और लगभग 16 घंटे की मशक्कत के बाद मासूम का शव बोरवेल से बाहर निकाला गया।
भांडारेज, जिला दौसा निवासी मृतक के नाना हरफूल सैनी ने दामाद ललित सैनी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया है।
आरोपित ललित सैनी पुत्र सोहन लाल सैनी ने डेढ़ वर्ष के बेटे राम की हत्या कर शव को बोरवेल में डाल दिया और ऊपर से मिट्टी व घासफूस डालकर छिपाने की कोशिश की।
थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करते हुए बताया कि बच्चे को अपनी बहन और भाई के पास छोड़ आया है, लेकिन जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ललित ने कुछ दिन पहले पत्नी मंजू से मारपीट की थी। मामला इतना बढ़ा कि पड़ोसियों को बीच-बचाव करना पड़ा। इसके बाद मंजू के मायके वाले आए और उसे अपने साथ ले गए। तभी से वह पीहर में रह रही थी, जबकि मासूम बच्चा पिता के पास ही था।