जयपुर

Indian Railways: नए साल में यात्रियों के लिए गुड न्यूज, राजस्थान के 6 जिलों को मिलेगी सेमी हाई स्पीड रेलपथ की सौगात

Indian Railways Mission Raftaar: नए साल 2025 में राजस्थान में रफ्तार की नई क्रांति का आगाज होगा। राज्य के छह जिलों को सेमी हाई स्पीड रेलपथ की सौगात मिलेगी।
less than 1 minute read
• •
Updated: 1 Jan 2025, 9:06 AM IST

जयपुर। नए साल 2025 में राजस्थान में रफ्तार की नई क्रांति का आगाज होगा। राज्य के छह जिलों को सेमी हाई स्पीड रेलपथ की सौगात मिलेगी। मिशन रफ्तार के तहत राजस्थान होकर गुजर रहे दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग को सेमी हाई स्पीड में तब्दील करने का कार्य मार्च 2025 में पूरा हो जाएगा।

इसके बाद इस मार्ग पर 160 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ट्रेनों का संचालन हो सकेगा। सेमी हाई स्पीड रेलमार्ग पर भरतपुर और बयाना रेलवे स्टेशन, हिंडौन सिटी, श्रीमहावीरजी स्टेशन, गंगापुर सिटी और सवाई माधोपुर जंक्शन को मिशन रफ्तार प्रोजेक्ट पूरा होने का लाभ मिलेगा।

दिल्ली और मुंबई आना-जाना हो जाएगा और आसान

इसके अलावा बूंदी जिले के केशवरायपाटन, लाखेरी, इंद्रगढ़, कोटा जिले के कोटा जंक्शन, रामगंज मंडी रेलवे स्टेशन, झालावाड़ रोड स्टेशन और भवानीमंडी रेलवे स्टेशन से दिल्ली और मुंबई की ओर आने-जाने कम समय लगेगा।

160 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार के लिए 91 प्रतिशत ट्रैक तैयार

कोटा मंडल रेलवे के सीनियर डीसीएम सौरभ के अनुसार अधिकांश कार्य पूरा कर लिया गया है। नागदा-मथुरा-नागदा खण्ड के अप एवं डाउन लाइन का 91 प्रतिशत ट्रैक 160 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ट्रेन संचालन के लिए तैयार हो चुका है।

यह है खासियत

रेलपथ की खास बात ये भी रहेगी कि तेज रफ्तार से ट्रेन के चलने पर भी कंपन नहीं होगा। कंपन रोकने के लिए ट्रैक चेंजिंग पॉइंट पर अधिक स्पीड पर कम्पन को कम करने के लिए 516 थिक वेव स्विच लगाए गए हैं। 50 से अधिक कर्व के एलाइनमेंट सुधारे गए हैं।

Updated on:
1 Jan 2025, 9:06 AM IST
Published on: