जयपुर में होने वाले क्रिकेट मैचों में छात्रों को हर बार टिकट में छूट दी जाती थी। पहले इनको 300 रुपए का टिकट दिया जाता था...
जयपुर। चार साल बाद क्रिकेट प्रेमियों के लिए बुधवार की शाम गुलाबीनगरी में कुछ अलग ही होगी। कई सालों से वीरान पड़ा एसएमएस स्टेडियम शाम को करीब 25000 दर्शकों से खचाखच भरा नजर आएगा और चारों और हल्ला बोल का शोर गूंजेगा। यहां राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच आइपीएल-11 के मुकाबले के साथ ही यह रोमांच शुरू हो जाएगा
रात 8 बजे शुरू होगा मैच
राजस्थान रॉयल्स का दिल्ली डेयरडेविल्स से पहला मुकाबला
छात्रों को छूट नहीं
जयपुर में होने वाले क्रिकेट मैचों में छात्रों को हर बार टिकट में छूट दी जाती थी। पहले इनको 300 रुपए का टिकट दिया जाता था, लेकिन इस बार सबसे कम का टिकट 500 रुपए का है। इसे लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मंगलवार को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया।
बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने बुधवार को राजधानी में मेघगर्जन के साथ आंधी और बारिश का अनुमान जताया है। अगर बारिश तेज होती है तो मैच में खलल पड़ सकता है।
यूं रहेगी पार्किंग व्यवस्था
- वीआइपीए वीवीआइपी दर्शकों के वाहनों की पार्किंग स्टेडियम के अंदर ही साउथ ब्लॉक में।
- पूर्वी द्वार से प्रवेश करने वाले दर्शकों के वाहनों की पार्किंग एसएमएस इन्वेस्टमेंट ग्राउंड, रामबाग सर्किल के पास।
- उत्तरी द्वार से प्रवेश करने वाले दर्शकों के वाहनों की पार्किंग अंबेडकर सर्किल के पास वाले ग्राउंड में।
- दक्षिणी-पश्चिमी द्वार से प्रवेश करने वालों की पार्किंग अमरूदों के बाग ग्राउंड पर।
- मैच के दौरान रामबाग सर्किल से अंबेडकर सर्किल, अंबेडकर सर्किल से विधानसभा भवन तक और विधानसभा भवन से पंकज सिंघवी मार्ग तक रामबाग सर्किल से नगर निगम मुख्यालय तक सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग निषेध रहेगी।
मैच के दौरान यातायात की विशेष व्यवस्था
सवाई मानसिंह स्टेडियम में बुधवार रात 8 बजे से शुरू होने वाले क्रिकेट मैच को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में परिवर्तन किया है। उपायुक्त यातायात लवली कटियार ने बताया कि मैच 8 बजे से शुरू होगा, लेकिन यातायात के दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था शाम 6 बजे से लागू हो जाएगी।
- एसएमएस अस्पताल की ओर से रामबाग की तरफ मैच में आने वाले वाहनों के अलावा अन्य वाहनों को जरूरत के मुताबिक आरबीआइ कट से तख्तेशाही रोड होकर जेएलएन मार्ग की तरफ होकर निकाला जाएगा।
- स्टेच्यू सर्किल की तरफ से पोलो सर्किल की तरफ आवश्यकता पडऩे पर मैच में आने वाले वाहनों के अलावा अन्य वाहनों को पृथ्वीराज टी पॉइंट एवं बगडिय़ा भवन होकर निकाला जाएगा।
- वहीं 22 गोदाम सर्किल से पोलो सर्किल की तरफ आवश्यकता पडऩे पर मैच में आने वाले वाहनों के अलावा अन्य वाहनों को 22 गोदाम सर्किल से सहकार मार्ग और सरदार पटेल मार्ग होकर निकाला जाएगा।
- जेडीए सर्किल से रामबाग सर्किल की तरफ आवश्यकता पडऩे पर मैच में आने वाले वाहनों के अलावा अन्य वाहनों को जेडीए सर्किल से गांधी सर्किल एवं पुलिस मेमोरियल होकर निकाला जाएगा।
- ज्योति नगर मोड़ सहकार मार्ग से विधानसभा की ओर आवश्यकता होने पर वाहनों को ज्योति नगर मोड़ से लक्ष्मी मंदिर एवं 22 गोदाम होकर निकाला जाएगा।
- टोंक रोड से रामबाग की ओर आवश्यकता होने पर वाहनों को गांधीनगर मोड़ से जेएलएन मार्ग की ओर निकाला जाएगा।
- मैच के दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस बल का पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वर्दी के अलावा सादा वर्दी में तैनात पुलिसकर्मी असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे। -नितिन दीप बलग्गन, एडिशनल पुलिस कमिश्नर जयपुर