
दौलतपुरा (जयपुर): चौंप ग्राम पंचायत के मुख्य बाजार के पास मंगलवार सुबह बिना मुंडेर के कुएं में गिरी महिला को बचाने के लिए दौलतपुरा थाना पुलिस के कांस्टेबल तेजपाल कसाणा ने साहस का परिचय दिया। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना कुएं में उतरकर महिला को संभाला और ग्रामीणों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। महिला के पैर में फ्रैक्चर हुआ है।
दौलतपुरा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि चौंप निवासी संतोष प्रजापत सोमवार रात से घर से लापता थी। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चला। मंगलवार सुबह चौंप स्टैंड के पास चीथवाड़ी जाने वाले रास्ते पर स्थित बिना मुंडेर के कुएं में महिला दिखाई दी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा थी, लेकिन कुएं में उतरने का साहस कोई नहीं जुटा पा रहा था। ऐसे में कांस्टेबल तेजपाल कसाणा ने हिम्मत दिखाते हुए कुएं में उतरकर महिला को संभाला। इसके बाद चारपाई और रस्सी की मदद से ग्रामीणों के सहयोग से उसे बाहर निकाला गया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कांस्टेबल के साहस और सूझबूझ की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। पुलिस ने बताया कि परिजनों के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
चौंप में बिना मुंडेर के कुएं में महिला के गिरने की सूचना पर मौके पर 100 से 150 लोग एकत्रित हो गए। पुलिस पहुंची तो वहां लोग महिला को बाहर निकालने की चर्चा करते नजर आए, लेकिन कुएं में उतरने की बात आई तो सभी पीछे हट गए। वहीं, कुछ युवा मोबाइल से वीडियो बनाने और लाइव करने में लगे रहे।
ऐसे मुश्किल हालात में कांस्टेबल तेजपाल कसाणा ने हिम्मत दिखाई और कुएं में उतरकर महिला को संभाला। उन्होंने अपने साथी राजकिरण के मोबाइल के जरिए सहयोग लेते हुए ग्रामीणों की मदद से महिला को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। कांस्टेबल के इस साहस ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।