
राजधानी जयपुर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक एक ही परिवार का राजनीतिक रसूख चर्चा का विषय बन गया है। जहां एक ओर मां शहर की राजनीति में अहम पद संभाल रही हैं, वहीं अब उनकी बेटी ने भी उच्च शिक्षा (MBA) का कॉरपोरेट करियर छोड़ ग्रामीण सरकार की कमान अपने हाथों में ले ली है।
जयपुर नगर निगम की उप महापौर सरोज कंवर की बेटी सौम्या ने टोंक जिले की गेदिया ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़कर शानदार जीत हासिल की है। सौम्या ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 574 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त देकर सरपंच की कुर्सी हासिल की है।
एमबीए (MBA) की उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद सौम्या चाहतीं तो किसी बड़ी मल्टीनेशनल कंपनी में शानदार पैकेज पर नौकरी कर सकती थीं, लेकिन उन्होंने कॉर्पोरेट करियर को दरकिनार कर जनता की सेवा और ग्रामीण विकास के रास्ते को चुना।
इस परिवार में राजनीति और जनसेवा का दायरा शहर से लेकर गांव तक फैला हुआ है। कुछ माह पहले ही सरोज कंवर जयपुर नगर निगम में उप महापौर पद पर आसीन हुई थीं और शहरी विकास व निकाय संचालन में सक्रिय हैं।
अब उनकी बेटी सौम्या ने टोंक की गेदिया पंचायत से सरपंच बनकर ग्रामीण सत्ता की बागडोर संभाल ली है। इस प्रकार यह परिवार शहरी और ग्रामीण दोनों स्तरों की सत्ता का अनूठा केंद्र बन गया है।
दिलचस्प बात यह है कि सौम्या के पति अजीत सिंह ने भी जयपुर नगर निगम के वार्ड 23 से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन अब पत्नी सौम्या ने शानदार जीत दर्ज कर परिवार की राजनीतिक साख में एक नया और चमकदार अध्याय जोड़ दिया है।