रेलवे ने जयपुर मंडल के हिरनोदा रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित पीएम गति शक्ति कार्गो टर्मिनल शुरू कर दिया है। इस पर लोडिंग काम भी शुरू हो गया है।
जयपुर। रेलवे ने जयपुर मंडल के हिरनोदा रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित पीएम गति शक्ति कार्गो टर्मिनल शुरू कर दिया है। इस पर लोडिंग काम भी शुरू हो गया है।
मंडल की सीनियर डीसीएम पूजा मित्तल के अनुसार इस टर्मिनल को प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य देश में लॉजिस्टिक्स दक्षता को बढ़ाना, रेल मार्ग के माध्यम से माल परिवहन को प्रोत्साहित करना व निजी क्षेत्र की भागीदारी को आकर्षित करना है। खास बात है कि, यह पहल मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने और उद्योगों को तेज, सुरक्षित एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस टर्मिनल पर आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई है। यहां 24 घंटे निरंतर लोडिंग और अनलोडिंग गतिविधि संचालित होगी। इस टर्मिनल की अनुमानित ट्रैफिक क्षमता 67 आउटवर्ड रेक प्रति माह निर्धारित की गई है। भविष्य में क्षेत्रीय औद्योगिक विकास और माल परिवहन को गति देने में सहायक सिद्ध होगी।
साइडिंग इंफ्रा की बात करें तो इस टर्मिनल में कुल तीन लाइनें विकसित की गई हैं। जिनमें प्रत्येक की लंबाई 720 मीटर है। टर्मिनल का कुल लोडिंग क्षेत्र 4.20 लाख वर्ग मीटर है। इसके अतिरिक्त एक लाख वर्ग मीटर का बॉन्डेड क्षेत्र व 50 हजार वर्ग मीटर का नॉन बॉन्डेड क्षेत्र विकसित किया गया है। जो विभिन्न प्रकार के माल के सुरक्षित भंडारण के लिए उपयोगी है। टर्मिनल में एक 838 मीटर लंबा शंटिंग नेक भी विकसित किया गया है, जो कॉमन यूजर सुविधा के रूप में उपलब्ध है।
जयपुर मंडल द्वारा इस प्रकार की आधुनिक लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का विकास के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह टर्मिनल स्थानीय उद्योगों, व्यापारियों और निर्यातकों के लिए एक सशक्त प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा, जिससे उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही, सड़क परिवहन पर निर्भरता कम कर पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा।
रेलवे प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इस टर्मिनल का संचालन उच्चतम सुरक्षा मानकों एवं गुणवत्ता के साथ किया जाए। आधुनिक तकनीकों का उपयोग, प्रशिक्षित मानव संसाधन तथा समर्पित प्रबंधन इस टर्मिनल की सफलता के प्रमुख आधार होंगे।