
फाइल फोटो- पत्रिका
जोधपुर। गर्मी की छुट्टियों में घूमने का प्लान बना रहे लोगों के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने दो बड़ी राहत दी हैं। रेलवे ने बांदीकुई रेलवे स्टेशन पर दो सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव शुरू करने का निर्णय लिया है। वहीं, रेलवे ने जोधपुर से जम्मू जाने वाली भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन को 1 अप्रेल यानी आज से अपने पूरे मार्ग पर फिर से संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
गाड़ी संख्या 12308 जोधपुर-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (सप्ताह में चार दिन) का 1 अप्रेल से तथा गाड़ी संख्या 22308, बीकानेर-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (त्रि-साप्ताहिक) का ठहराव 2 अप्रेल से बांदीकुई स्टेशन पर किया जाएगा। इन दोनों ट्रेनों का बांदीकुई स्टेशन पर आगमन समय सुबह 6.08 बजे व प्रस्थान समय 6.10 बजे निर्धारित किया गया है। वापसी में गाड़ी संख्या 12307,हावड़ा-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस और संख्या 22307,हावड़ा-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ठहराव पहले से ही इस स्टेशन पर है।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस को 1 अप्रेल से पुनः अपने पूर्ण मार्ग पर संचालित करने का निर्णय लिया है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण ब्रिज संख्या-17 में आई तकनीकी खराबी के चलते गाड़ी संख्या 14803/04 भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस को पठानकोट रेलवे स्टेशन से जम्मूतवी रेलवे स्टेशनों के बीच आंशिक रूप से रद्द करना पड़ा था। गाड़ी संख्या 14803 भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस 1 अप्रेल से तथा 14804 जम्मूतवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस 2 अप्रेल से संचालित होगी।
गाड़ी संख्या 12467/68 जैसलमेर-जयपुर लीलण सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन पूर्ण रूप से इलेक्ट्रिक इंजन से किया जाएगा। इस ट्रेन का संचालन जयपुर से 1 अप्रेल तथा जैसलमेर से 3 अप्रेल से इलेक्ट्रिक इंजन के साथ प्रारंभ किया जाएगा।
रेलवे ने गर्मियों की छुट्टियों में यात्रीभार को देखते हुए लालकुआं से राजकोट के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के चार फेरे चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 5 से 27 अप्रेल तक संचालित होगी, जो लालकुआं से रविवार और राजकोट से सोमवार को रवाना होगी। वाया जयपुर चलने वाली यह ट्रेन फुलेरा, नावां सिटी, कुचामन और मकराना स्टेशनों पर भी ठहरेगी, जिससे शेखावाटी और मारवाड़ के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
Updated on:
01 Apr 2026 10:55 am
Published on:
01 Apr 2026 10:55 am
