Encroachment Removal: इंदिरा गांधी नगर में चला बुलडोजर, व्यावसायिक भूमि को कराया अतिक्रमण मुक्त। जीरो टॉलरेंस नीति का असर: सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण मिनटों में ध्वस्त।
Rajasthan Housing Board: जयपुर. राजस्थान आवासन मण्डल ने सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और नियोजित शहरी विकास को सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए इंदिरा गांधी नगर, सेक्टर-1 स्थित अपनी बहुमूल्य व्यावसायिक भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। मण्डल की अधिग्रहीत लगभग 7000 वर्ग मीटर भूमि, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 करोड़ रुपए बताई जा रही है, पर पिछले दो महीनों से फाउंडेशन अवैध निर्माण कर कब्जा किया जा रहा था।
सूचना मिलते ही मण्डल के खण्ड-प्रथम कार्यालय की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक सतर्कता बनाए रखी गई ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। कुछ ही घंटों में पूरी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कर लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, यह भूमि व्यावसायिक उपयोग के लिए नियोजित है और इस पर अवैध कब्जा होने से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा आ सकती थी। इसलिए त्वरित कार्रवाई करना आवश्यक था।
राजस्थान आवासन मण्डल के सचिव गोपाल सिंह ने स्पष्ट कहा कि मण्डल की अधिग्रहीत भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा मण्डल की प्राथमिक जिम्मेदारी है और भविष्य में भी इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मण्डल ने नागरिकों से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा या निर्माण करने से बचें और शहरी विकास योजनाओं में सहयोग करें। अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।