Jaipur News Today : राजधानी जयपुर में सड़कों का काम राज्य सरकार ने बांट दिया है। अब जेडीए और ग्रेटर तथा हेरिटेज नगर निगम मिलकर सड़कों की मरम्मत का काम करेगी।
Jaipur News : राजधानी जयपुर में सड़कों का काम राज्य सरकार ने बांट दिया है। नगरीय विकास विभाग ने इसके आदेश जारी किए। काम में किसी तरह की कोई दिक्कत न आए और सामंजस्य बना रहे, इसके लिए नगरीय विकास विभाग ने एक कमेटी का भी गठन किया है। जेडीए आयुक्त इस कमेटी की संयोजक और सदस्य के रूप में दोनों नगर निगम के आयुक्त, जेडीए अभियांत्रिकी शाखा के दोनों निदेशक, जेडीए के वन संरक्षक और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को शामिल किया गया है।
ग्रेटर नगर निगम क्षेत्राधिकार में 80 फीट या उससे अधिक चौड़ी सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण का काम जेडीए कराएगा। 80 फीट से कम चौड़ी सड़कों का काम ग्रेटर निगम अपने स्तर पर करवाएगा। परकोटा को छोड़कर हेरिटेज निगम सीमा क्षेत्र में भी यहीं आदेश लागू रहेगा। परकोटे की सभी सड़कें हेरिटेज निगम पहले की तरह ही बनवाएगा।
इसके अलावा राजस्थान आवासन मंडल की वे योजनाएं जो अब तक नगर निगम को हस्तांतरित नहीं की गई हैं, उन सड़कों की मरम्मत और रखरखाव का काम मंडल ही करेगा।
- सड़क संधारित करने वाली संस्था ही ड्रेनेज, फुटपाथ, सर्विस रोड और प्लांटेशन का काम देखेगी
- रोड कट की अनुमति वही विभाग देगा जो उस सड़क की देखरेख कर रहा है
- जयपुर के सभी सड़कों की सफाई, बड़े नालों सहित समस्त नालियों का सफाई कार्य नगर निगम करेगा
- शहर में सार्वजनिक निर्माण विभाग के क्षेत्राधिकार की सड़कों की मरम्मत, नवीनीकरण और रखरखाव संबंधी कार्य विभाग यथावत करता रहेगा। इन सड़कों की मरम्मत जेडीए और नगर निगम नहीं करेंगे