
जयपुर पंचायत और निकाय चुनाव 2026 को लेकर एक अपडेट सामने आया है। चुनाव से पहले वार्ड और पंचायत के अलग-अलग पदों पर आरक्षण की तस्वीर अब साफ होने वाली है। जयपुर जिले में 17 और 18 अगस्त को आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। 17 अगस्त को नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों समेत नगर परिषद और नगर पालिकाओं के वार्डों का आरक्षण तय होगा। वहीं 18 अगस्त को सरपंच, वार्ड पंच, पंचायत समिति और जिला परिषद के पदों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया होगी। प्रशासन ने दोनों दिनों के लिए समय और स्थान भी तय कर दिए हैं।
नगरीय निकाय चुनाव 2026 के लिए जयपुर जिले के वार्डों का आरक्षण 17 अगस्त को लॉटरी के जरिए तय किया जाएगा। नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों के लिए आरक्षण की लॉटरी सुबह 10 बजे कलक्ट्रेट सभागार में होगी। इसमें अलग-अलग वर्गों के साथ महिला आरक्षण भी तय किया जाएगा। यह प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगी।
इसके बाद जयपुर जिले की नगर परिषद और नगर पालिकाओं के वार्डों के आरक्षण की लॉटरी भी इसी दिन निकाली जाएगी। इसकी प्रक्रिया सुबह 11 बजे कलक्ट्रेट सभागार में शुरू होगी। इसमें भी अलग-अलग वर्गों और महिलाओं के लिए वार्डों का आरक्षण तय किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले नगर पालिका जोबनेर के 20 वार्डों के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। इसके बाद नगर पालिका बगरू के 35, वाटिका के 25, चाकसू के 35, नगर परिषद चौमूं के 45, नगर पालिका कालाडेरा के 20, जमवारामगढ़ के 35, दूदू के 25, फागी के 20, फुलेरा के 25, सांभर के 25, किशनगढ़ रेनवाल के 35, नारायणा के 25, बस्सी के 35, कानोता के 20, नगर परिषद शाहपुरा के 55, मनोहरपुर के 35 और खेजरोली के 25 वार्डों के लिए क्रमशः लॉटरी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पंचायती राज चुनाव 2026 के लिए 18 अगस्त को जयपुर जिले में अलग-अलग पदों के आरक्षण की प्रक्रिया होगी। इस दौरान प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के पदों का आरक्षण अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए तय किया जाएगा।
वहीं, ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच के पदों का आरक्षण संबंधित उपखंड अधिकारी तय करेंगे। इसके लिए अपने-अपने क्षेत्र में आरक्षण की लॉटरी और श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया की जाएगी।
जिला कलक्टर (पंचायत) जयपुर संदेश नायक के आदेश के अनुसार जयपुर जिले की सभी पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के पदों के आरक्षण निर्धारण एवं आवंटन की प्रक्रिया 18 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे संबंधित उपखंड अधिकारी मुख्यालय पर होगी।
वहीं, जिला परिषद सदस्यों, जयपुर जिले की सभी पंचायत समितियों के प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के पदों के आरक्षण का निर्धारण एवं आवंटन 18 अगस्त को दोपहर 2 बजे जिला कलक्टर कार्यालय सभागार, जयपुर में किया जाएगा।