जयपुर

यूट्यूबर और सिंगर है बैंक लूटने वाला आरोपी, हर साल एक बैंक लूटने का था टारगेट, तीसरी वारदात में ही पकड़ा गया

PNB Bank Loot Update: झोटवाड़ा में कालवाड़ रोड पर जोशी मार्ग के पास स्थित पीएनबी बैंक में हथियार लेकर घुसे शातिर लुटेरे भरतलाल मीणा ने पहले विधायकपुरी और श्याम नगर स्थित दो बैंकों में अपने रिश्तेदार के साथ लूट की वारदात अंजाम दी थी।
2 min read
Feb 25, 2024
pnb_bank_robbery.jpg

Bank robbery in Jaipur: झोटवाड़ा में कालवाड़ रोड पर जोशी मार्ग के पास स्थित पीएनबी बैंक में हथियार लेकर घुसे शातिर लुटेरे भरतलाल मीणा ने पहले विधायकपुरी और श्याम नगर स्थित दो बैंकों में अपने रिश्तेदार के साथ लूट की वारदात अंजाम दी थी। इन वारदात के बाद से ही भरतलाल फरार चल रहा था। पीएनबी बैंक में हेड कैशियर नरेन्द्र सिंह की दिलेरी की वजह से बैंक लूट की दो वारदात और खुल गई। बदमाशों की गोली से घायल नरेन्द्र सिंह का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।


आरोपी भरतलाल से पूछताछ में सामने आया कि 8 फरवरी 2022 को विधायकपुरी थाना इलाके में चौमूं हाउस के पास सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया में उसने अपने रिश्तेदार विनोद मीणा के साथ मिलकर 15 लाख 30 हजार रुपए और बैंक के ग्राहकों से नकदी और सोने-चांदी के जेवर लूट लिए थे। उसने 6 मार्च 2023 को अजमेर रोड स्थित श्याम नगर थाना इलाके में इंडियन ओवरसीज बैंक से 10 लाख 73 हजार 562 रुपए और शाखा प्रबंधक की 40 ग्राम सोने की चेन लूट की दूसरी वारदात की। आरोपी ने हर साल एक बैंक में लूट का टारगेट बना रखा था। लूट के बाद आरोपी अपने परिचित के घर रहने लग जाता था। कुछ दिन बाद दूसरी जगह चला जाता था। घटना के बाद वह अखबारों और सोशल मीडिया पर नजर रखता था।


पुलिस ने भरतलाल से पूछताछ की तो वह हकलाने लगा। कभी बोली बदली तो कभी बेहोश होने का नाटक किया। पूछताछ में वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। पुलिस को उसके मोबाइल में कई वीडियो मिले, जिसमें वह गाना गाते हुए व सामान्य तरीके से बोलते हुए दिखाई दिया। उसने खुद को सिंगर और यूट्यूबर बताया और यू-ट्यूब पर अपलोड वीडियो भी दिखाए।
यह भी पढ़ें : कैशियर को तीन गोली लगी लेकिन बैंक लुटने से बचा लिया, उसे खून देने कोई नहीं आया तो SHO or ASI ने खून देकर बचाई जान



मूलत: कोटपूतली निवासी भरत लाल का शास्त्री नगर में मकान था, जिसको उसने वर्ष 2019 में बेचकर गोकुलपुरा, करधनी में दूसरा मकान खरीदा था। वह इस मकान में रहने के बजाय सिविल लाइंस में किराए के कमरे में रहता था। इस कमरे को उसने गीत-संगीत का रियाज करने और लूट के बाद छिपने के उपयोग में लिया।

बैंक में लूट के लिए घुसने से पहले आरोपी अपने चेहरे पर मास्क, हाथों में ग्लव्स व सिर पर मंकी कैप लगा लेते थे, ताकि सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बाद भी उनकी पहचान न हो सके। भरतलाल ने पूर्व में लूट की दोनों वारदात भी इसी तरह से की थी।
यह भी पढ़ें : राजस्थान के इस बैंक में लूट की कोशिश के बाद शहर में नाकाबंदी, कैशियर को मारी गोली, भीड़ ने एक लुटेरे को दबोचा

भरतलाल के साथी मनोज मीणा के पैर में गोली लगी थी। इसके बाद भी वह सोडाला तक भागने में सफल हो गया था। पुलिस ने उसे सिविल लाइंस मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा था। आरोपी का एसएमएस अस्पताल में उपचार चल रहा है।

श्रीराजपूत सभा के अध्यक्ष राम सिंह चंदलाई ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पंजाब नेशनल बैंक में लूट के प्रयास को रोकने वाले हेड कैशियर नरेन्द्र सिंह शेखावत के लिए मुआवजा, सम्मान देने की मांग की है। श्रीराजपूत सभा का प्रतिनिधि मंडल सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों से बात कर नरेन्द्र सिंह को बैंक से मुआवजा के साथ प्रमोशन देने के लिए बात करेगा।

Published on:
25 Feb 2024 10:16 am