
Rath Yatra: कभी बैल भगवान जगन्नाथ का रथ खींचते थे। अब समय के साथ परंपरा ने आधुनिक स्वरूप लिया है। ऐसे में गुरुवार को जयपुर में जगन्नाथपुरी की तर्ज पर हाइड्रोलिक रथ पर भगवान जगन्नाथ, अग्रज बलभद्र व बहन सुभद्रा को विराजमान किया जाएगा। भगवान की जीवनलीला की झांकियों और 'जय जगन्नाथ के जयघोष के बीच चारदीवारी सहित विभिन्न स्थानों से लवाजमे के साथ रथयात्राएं निकलेंगी, जिसमें भक्त रथ को खींचेंगे। यात्रा से पहले मंदिरों और मार्गों पर मार्जन सेवा के तहत विशेष सफाई कर सेवा, समर्पण, स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
गुप्त वृन्दावन धाम, जगतपुरा की ओर से शाम 5.30 बजे से कलक्ट्रेट सर्कल से तीन अलग-अलग रथों में यात्रा रवाना होगी। इनमें भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा नगर भ्रमण करेंगे। विदेशी फूलों से भगवान का विशेष श्रृंगार होगा। रिमोट आधारित हाइड्रोलिक रथ का रंग पुरी के रथ जैसा पीले रंग का होगा। मोगरे के फूलों से भगवान का पुष्पमुकुट तैयार किया है। वैशाली नगर स्थित अक्षरधाम मंदिर में शाम 4.30 बजे से कीर्तन सहित अन्य कार्यक्रम होंगे।
जयपुर में चांदपोल स्थित रामचंद्र मंदिर में सुबह 10.30 बजे श्रीराम की पारंपरिक रथयात्रा निकाली जाएगी। भगवान राम शस्त्र धारण कर विशेष श्रृंगार में सुसज्जित होकर रथ में विराजमान होंगे। लगभग 150 वर्ष पुराने शीशम की लाल लकड़ी से निर्मित इस रथ की लंबाई लगभग 7 फीट तथा चौड़ाई 4 फीट है।
गोविंददेव जी मंदिर में गौर गोविंद के विग्रह को चार फीट ऊंचे 250 साल पुराने चांदी के रथ में विराजमान किया जाएगा। सुबह छह बजे से कार्यक्रम शुरू होंगे। गौर गोविंद का अष्टधातु विग्रह गोविंददेव जी दाहिने पार्श्व में विराजमान हैं। बंगाली समाज की ओर से मालवीयनगर सहित अन्य जगहों पर आयोजन होंगे।
जगन्नाथ सेवक शाम 4 बजे से नो-पार्किंग समिति की ओर से रथ यात्रा गुरुवार शाम 4.30 बजे गोविंद देवजी मंदिर से रवाना होगी। यह जलेबी चौक हवामहल, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़ और आतिश मार्केट होते हुए बृजनिधि मंदिर पहुंचेगी। यातायात पुलिस ने डायवर्जन के साथ ही परकोटे की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।
रथ यात्रा शुरू होने से पहले जलेबी चौक की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। यात्रा के बांदरवाल गेट पहुंचने से पहले सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ आने वाले वाहन चार दरवाजा की ओर डायवर्ट, बड़ी चौपड़ से सुभाष चौक जाने वाले वाहनों को रामगंज बौपड़ और त्रिपोलिया मार्ग से निकाला जाएगा।
रथ यात्रा के बड़ी चौपड़ पहुंचने पर रामगंज चौपड़, सांगानेरी गेट और त्रिपोलिया से आने वाले यातायात को समानांतर मार्गों से भेजा जाएगा। वहीं त्रिपोलिया गेट और छोटी चौपड़ क्षेत्र में भी यात्रा के दौरान न्यू गेट, अजमेरी गेट, चौगान चौराहा और संजय सर्किल की ओर से आने वाले वाहनों पर अस्थायी रोक रहेगी।
पुलिस ने हवामहल बाजार, जौहरी बाजार और त्रिपोलिया बाजार को शाम 4 बजे से नो-पार्किंग जोन घोषित किया है। यहां वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।
शाम 4 बजे से घाटगेट चौराहा, बड़ी चौपड़, रामगढ़ मोड़, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट, संजय सर्किल और गलता गेट से टेम्पो, मिनी बस, सिटी बस तथा अन्य मध्यम श्रेणी के वाहनों का परकोटे में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आमेर रूट की बसों को दिल्ली बाईपास, ट्रांसपोर्ट नगर, धोबी घाट और रामगढ़ मोड़ के वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जाएगा।