जयपुर

राजधानी जयपुर में दुकानदार का अपहरण, बेटी को फोन कर 2 लाख की मांगी फिरौती, दो बदमाश गिरफ्तार

जयपुर के प्रताप नगर में दुकान से कर्मचारी का अपहरण कर बदमाशों ने दो लाख रुपए की फिरौती मांगी और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पीछा कर पीड़ित को सुरक्षित छुड़ाया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
2 min read
Jul 25, 2026
Jaipur Crime
Jaipur Crime: गिरफ्तार बदमाश (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजधानी जयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में दुकानदार के अपहरण और फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने दुकान से एक कर्मचारी का कथित रूप से अपहरण कर उसके मालिक की बेटी से 2 लाख रुपए की फिरौती मांगी। साथ ही निर्धारित समय में रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी भी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पीड़ित को सकुशल मुक्त कराया और मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार सांगानेर निवासी विनोदी देवी ने शिकायत दर्ज कराई कि श्योपुर रोड स्थित उनकी दुकान पर कार्यरत रामदयाल को तीन युवक जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद आरोपियों ने उनकी बेटी को फोन कर दो लाख रुपए की फिरौती मांगी और दो घंटे के भीतर रकम नहीं मिलने पर रामदयाल की हत्या करने की धमकी दी।

पुलिस कार्रवाई से घबराए बदमाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रताप नगर थाना पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के करीब 15 किलोमीटर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। पुलिस की लगातार घेराबंदी और पीछा किए जाने की भनक लगते ही बदमाश घबरा गए। उन्होंने रामदयाल को एक सुनसान स्थान पर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।

यह वीडियो भी देखें :

दो बदमाश गिरफ्तार

पुलिस ने पीड़ित को सुरक्षित बरामद करने के बाद आरोपियों की तलाश तेज कर दी। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी मनीष सैनी (22) निवासी प्रताप नगर और अविनाश राव उर्फ बॉबी (24), जो मूल रूप से सवाई माधोपुर का रहने वाला है और वर्तमान में सांगानेर क्षेत्र में रह रहा था, को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार मनीष के खिलाफ पहले से चोरी के मामले दर्ज हैं।

तीसरे बदमाश के लिए पुलिस दे रही दबिश

जांच में सामने आया कि वारदात में किशन राजपूत नामक युवक भी शामिल था, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला फिरौती के उद्देश्य से किए गए अपहरण का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी साजिश और अन्य संभावित सहयोगियों की जानकारी मिल सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने वारदात की पहले से योजना बनाई थी या नहीं।

Updated on:
25 Jul 2026 10:45 pm
Published on:
25 Jul 2026 10:45 pm