जयपुर

जयपुर के ज्वेलर्स शोरूम पर दिनदहाड़े करोड़ों की लूट! सिर्फ एक बदमाश चंद मिनटों में वारदात कर फरार, CCTV में कैद घटना

Jaipur Vaishali Nagar Loot: जयपुर के पॉश वैशाली नगर में ज्वैलर्स शोरूम पर दिनदहाड़े सवा करोड़ की लूट। गार्ड को चाकू दिखाकर नकाबपोश बदमाश सोने के जेवरात लेकर फरार।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 3:49 PM IST
जयपुर के ज्वेलर्स शोरूम में वारदात- CCTV में कैद घटना
जयपुर के ज्वेलर्स शोरूम में वारदात- CCTV में कैद घटना

राजस्थान की राजधानी जयपुर के पॉश और व्यस्त वैशाली नगर इलाके में दिनदहाड़े और बेख़ौफ़ अंदाज़ में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। यहाँ स्थित ज्वैलर्स शोरूम में एक नकाबपोश बदमाश ने सुरक्षा गार्ड को चाकू की नोक पर सोने के जेवरात लूट लिए और फरार हो गया। लूटी गई ज्वेलरी की कीमत का अनुमान फिलहाल लाखों से करोड़ों तक का लगाया जा रहा है। पूरा घटनाक्रम शोरूम के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ है। इधर, दीपावली के ठीक बाद हुई इस वारदात से जयपुर के व्यापारिक जगत और आम नागरिकों में दहशत और आक्रोश है।

सुबह 10:32 बजे शोरूम में एंट्री, चंद मिनटों में वारदात

प्रारंभिक पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना आज मंगलवार 10 नवम्बर सुबह करीब 10:32 बजे की है। बदमाश एक बिना नंबर की स्कूटी पर सवार होकर शोरूम के बाहर पहुंचा था। उसने सिर पर टोपी और चेहरे पर मास्क पहन रखा था ताकि उसकी पहचान न हो सके।

दीपावली के ठीक बाद का समय होने के कारण शोरूम में स्टाफ की संख्या काफी कम थी। उस वक्त शोरूम में केवल गार्ड और कुछ अन्य कर्मचारी ही मौजूद थे।

बदमाश सीधे अंदर दाखिल हुआ और वहां मौजूद गार्ड के चाकू लगा दिया। महिला कर्मचारियों और गार्ड को डरा-धमकाकर उसने चंद मिनटों के भीतर कांच के डिस्प्ले काउंटर से कीमती गहने समेट लिए।

क्या-क्या लेकर भागा बदमाश?

बदमाश की इस दुस्साहसिक चोरी में शोरूम से भारी मात्रा में कीमती सोने के आभूषण हाथ लगे हैं। जिनमें 7 से 8 सोने के हार, 30 से 35 सोने की अंगूठियां शामिल बताये जा रहे हैं। कुल लूटे गए जेवरात की बाजार में अनुमानित कीमत सवा करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस प्रशासन में हड़कंप, शहरभर में नाकाबंदी

राजधानी के पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसटी वेस्ट टीम और वैशाली नगर सर्किल के तीनों थानों के एसएचओ (SHO) तुरंत मौके पर पहुंचे।

एडीसीपी वेस्ट राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में पुलिस की कई विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। शोरूम और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, जिससे बदमाश के आने और भागने के रूट का पता लगाया जा सके। आरोपी की धरपकड़ के लिए जयपुर कमिश्नरेट की ओर से शहरभर में कड़ी नाकाबंदी करवा दी गई है।

बड़ा सवाल: व्यापारियों की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?

इस घटना के बाद वैशाली नगर के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि सुबह 10:30 बजे जैसे व्यस्त समय में शहर के पॉश इलाके में इस तरह बेखौफ होकर बदमाश वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, तो आम व्यापारियों और नागरिकों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही खुलासे का दावा कर रही है।

Updated on:
10 Nov 2026, 3:49 PM IST
Published on: