जयपुर

Rajasthan News : कनकपुरा कंटेनर डिपो शिफ्टिंग से लेकर करोड़ों के रेलवे प्रोजेक्ट्स तक, वैष्णव-राठौड़ मुलाक़ात में लिए गए कई बड़े फैसले

राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। कनकपुरा कंटेनर डिपो की शिफ्टिंग से लेकर आधा दर्जन नए आरओबी (ROB) तक, झोटवाड़ा की तस्वीर बदलने वाली है।

2 min read
Apr 08, 2026
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलते हुए मंत्री राज्यवर्धन राठौड़

राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री और झोटवाड़ा विधायक कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने झोटवाड़ा क्षेत्र की कायाकल्प करने के लिए रेलवे के मोर्चे पर बड़ी सफलता हासिल की है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में झोटवाड़ा के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और सुरक्षा से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स को रफ्तार देने का निर्णय लिया गया है। सबसे बड़ी राहत कनकपुरा क्षेत्र के लोगों को मिलेगी, जहाँ भारी वाहनों के जमावड़े का कारण बनने वाला कंटेनर डिपो अब शहर से बाहर शिफ्ट किया जाएगा।

कनकपुरा कंटेनर डिपो की शिफ्टिंग, जाम से मिलेगा छुटकारा

झोटवाड़ा वासियों के लिए सबसे बड़ी समस्या कनकपुरा रेलवे स्टेशन पर संचालित कंटेनर डिपो था। इसके कारण आसपास के क्षेत्रों में चौबीसों घंटे भारी वाहनों की आवाजाही रहती थी, जिससे ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था।

मंत्री राठौड़ ने जानकारी दी कि डिपो को शहर के बाहरी इलाके में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कदम स्थानीय निवासियों के लिए 'लाइफलाइन' साबित होगा।

कनकपुरा कंटेनर डिपो - File Pic

ROB और RUB से सुगम होगा सफर

क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे जाम को खत्म करने के लिए कई ओवरब्रिज (ROB) और अंडरपास (RUB) को मंजूरी दी गई है:

  • बिंदायका स्टेशन: RUB के लिए सर्वे पूरा हो चुका है और कार्य प्रस्तावित है।
  • सिरसी-हाथोज लिंक रोड और सिनवार क्रॉसिंग: इन दोनों महत्वपूर्ण स्थानों पर ROB की DPR तैयार की जा रही है, जो जून 2026 तक पूरी हो जाएगी।
  • धानक्या-बोबास और बोबास-आसलपुर: इन दो पुलों के लिए कुल 103 करोड़ रुपये (₹53.70 Cr और ₹50.14 Cr) के GAD स्वीकृत हो चुके हैं और PWD ने काम आगे बढ़ा दिया है।
  • आसलपुर-हिरनोदा और आसलपुर-जोबनेर: इन बड़े प्रोजेक्ट्स (कुल ₹228 करोड़ से अधिक) के लिए संशोधित एस्टिमेट्स का अनुमोदन प्रक्रियाधीन है।

रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण और सुरक्षा

झोटवाड़ा क्षेत्र के छोटे स्टेशनों को भी मुख्यधारा से जोड़ने की तैयारी है। यहाँ प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने और विस्तार का काम जारी है। यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवर ब्रिज (FOB) भी प्रस्तावित किए गए हैं।

स्टेशनों पर हाई-मास्ट लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, स्थानीय लोगों की मांग पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव (Stoppages) को लेकर भी रेल मंत्री से सकारात्मक चर्चा हुई है।

राजस्थान बनेगा लॉजिस्टिक्स और मैन्युफैक्चरिंग हब

बैठक में केवल झोटवाड़ा ही नहीं, बल्कि राजस्थान के आर्थिक भविष्य पर भी मंथन हुआ। राज्यवर्धन राठौड़ ने बताया कि सेमीकंडक्टर सेक्टर, DMIC (Delhi-Mumbai Industrial Corridor) और लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर गहन चर्चा हुई है। इससे राजस्थान को देश के मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में नई पहचान मिलेगी।

'नीति से ज़मीन तक' दिख रहा है काम

मंत्री राठौड़ ने कहा कि यह 'डबल इंजन सरकार' के समन्वय का ही परिणाम है कि सालों से लंबित माँगें अब धरातल पर उतर रही हैं। झोटवाड़ा की सुरक्षा, कनेक्टिविटी और दैनिक आवागमन में सुधार करना उनकी प्राथमिकता है और केंद्र सरकार के सहयोग से इसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

Published on:
08 Apr 2026 10:33 am
Also Read
View All