
हुब्बल्ली. जीतो हुब्बल्ली चैप्टर फाउंडेशन ने केशवापुर के कुसुगल रोड स्थित ईस्ट ट्रैफिक पुलिस स्टेशन में 80वां स्वतंत्रता दिवस सेवा, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश के साथ मनाया। इस अवसर पर यातायात पुलिस को डेस्कटॉप कंप्यूटर सिस्टम भेंट किया गया, जिससे स्टेशन के दैनिक प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी। जीतो हुब्बल्ली चैप्टर के अध्यक्ष अनिल कुमार जैन ने यातायात व्यवस्था, सडक़ सुरक्षा और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में पुलिस के योगदान की सराहना की। मुख्य सचिव प्रवीण चौधरी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को सार्थक बनाने के उद्देश्य से पुलिस स्टेशन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीपीआई मंजूनाथ कुसुगल से चर्चा के दौरान कंप्यूटर की आवश्यकता सामने आने पर जीतो ने इसे उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद पुलिस विभाग के माध्यम से राष्ट्रसेवा जारी रखने वाले अधिकारियों का भी सम्मान किया गया। प्रवीण चौधरी ने कहा कि देशसेवा कभी समाप्त नहीं होती, बल्कि विभिन्न रूपों में निरंतर जारी रहती है। कार्यक्रम में भंवरलाल सी. जैन, महेंद्र पालगोता, अशोक भंडारी, अक्षय शाह, भरत पटवारी, धनराज भंडारी, राजन जैन, अमृत जैन, नवीन खिवेसरा, नरेश मेहता, अक्षय बगरेचा, नीरव मोमाया, गीता छेड़ा, जल्पा शाह, कविता बाफना और प्रभा मुनियोट सहित पुलिस अधिकारी एवं जीतो सदस्य उपस्थित रहे।