जयपुर

Job Ceation: राजस्थान में 46 हजार करोड़ का निवेश, 12 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

economic growth: अल्ट्रा मेगा परियोजनाओं को कस्टमाइज्ड पैकेज, सोलर से पर्यटन तक कई सेक्टर को बढ़ावा।

less than 1 minute read
Feb 15, 2026

Rising Rajasthan summit: जयपुर. प्रदेश में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर बोर्ड ऑफ इन्वेस्टमेंट की छठी बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की। इसमें विभिन्न क्षेत्रों की 10 अल्ट्रा मेगा परियोजनाओं को कस्टमाइज्ड पैकेज देने की मंजूरी दी गई, जिससे करीब 46 हजार करोड़ रुपये के निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। इन परियोजनाओं से राज्य में 12 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

बैठक में सोलर मॉड्यूल एवं सेल मैन्युफैक्चरिंग, नवीकरणीय ऊर्जा, सीमेंट, माइंस एवं मिनरल्स, ऑटोमोबाइल, केमिकल, टैक्सटाइल और पर्यटन जैसे प्रमुख सेक्टरों के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इन सभी परियोजनाओं को रिप्स के तहत विशेष प्रोत्साहन पैकेज उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उद्योगों की स्थापना और विस्तार की प्रक्रिया तेज होगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन कंपनियों को कस्टमाइज्ड पैकेज दिया गया है, उनके निवेश और कार्य प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश की आर्थिक मजबूती के साथ युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

इसके साथ ही ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट’ के तहत हुए एमओयू की जिलेवार समीक्षा करने और ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष बिक्री केंद्र स्थापित करने की योजना भी बनाई जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि निवेश के साथ प्रदेश में समग्र विकास और स्थानीय रोजगार के नए अवसर सृजित हों।

Updated on:
15 Feb 2026 02:19 pm
Published on:
15 Feb 2026 02:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर