
Kanhaiya Lal Murder Case 4 Years: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कन्हैयालाल मर्डर केस को लेकर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के चार साल बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला है। गहलोत के अनुसार, बीजेपी ने केवल चुनावी फायदे के लिए इस संवेदनशील मामले का इस्तेमाल किया, लेकिन दोषियों को सजा दिलाने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए।
गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उदयपुर के कन्हैयालाल जी की नृशंस हत्या को 4 वर्ष होने जा रहे हैं। लेकिन भाजपा की "डबल इंजन" सरकार में न्याय की उम्मीद आज भी अधूरी है। यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है क्योंकि अपराधी भाजपा के कार्यकर्ता थे।
जांच NIA के पास है, सुनवाई NIA की विशेष अदालत में चल रही है और केंद्र-राज्य दोनों जगह भाजपा सरकारें हैं। फिर भी 180 में से मात्र 21 लोगों की गवाही हो पाई है। चुनाव जीतने के लिए "5 लाख बनाम 50 लाख" का झूठ फैलाने वाली भाजपा की मंशा कभी न्याय दिलाने की थी ही नहीं।
राजनीतिक रोटियां सेकने के बाद अब पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह राजस्थान आकर कन्हैयालाल जी का नाम तक नहीं लेते, सजा की बात तो छोड़िए। प्रदेशवासी भाजपा के इस असली चरित्र को पहचानें, जिसने केवल आपकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है।