
जयपुर। जयपुर जंक्शन पर लगातार बढ़ रहे यात्रीभार और ट्रेनों के दबाव को कम करने के लिए रेलवे शहर के उपनगरीय स्टेशनों के नेटवर्क को मजबूत करने में जुटा है। इसी कड़ी में कनकपुरा, ढेहर का बालाजी, सांगानेर और दुर्गापुरा के बाद अब खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर भी सेकंड एंट्री बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। रेलवे प्रशासन ने इस परियोजना के लिए प्रारंभिक खाका तैयार कर लिया है। इसके तहत स्टेशन के दूसरे छोर पर एक नया भवन बनाकर वहां आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस विस्तार से न केवल मुख्य जंक्शन पर भीड़ का दबाव बंटेगा, बल्कि शहर के उपनगरीय रेल ढांचे को भी नई मजबूती मिलेगी।
प्रस्तावित योजना के अंतर्गत खातीपुरा स्टेशन के दूसरे छोर पर भव्य प्रवेश एवं निकास द्वार का निर्माण किया जाएगा। यहां यात्रियों की सहूलियत के लिए नया टिकट घर, आरक्षण कार्यालय, पूछताछ केंद्र, वेटिंग हॉल और पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही सफर करने वाली माताओं के लिए बेबी फीडिंग रूम और दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
पार्सल संचालन को सुगम बनाने के लिए स्टेशन पर दो कवर्ड शेड बनाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा यात्रियों और रेलवे स्टाफ के ठहरने की बेहतर व्यवस्था के लिए रिटायरिंग रूम, डॉरमेटरी, टीटीई रेस्ट रूम और खान-पान के लिए फूड प्लाजा भी तैयार किया जाएगा।
खातीपुरा के अलावा जयपुर के चार अन्य प्रमुख उपनगरीय स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने का काम भी अलग-अलग चरणों में चल रहा है। इसके तहत दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है, जबकि सांगानेर स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है।
वहीं, ढेहर का बालाजी स्टेशन पर सेकंड एंट्री के निर्माण का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त कनकपुरा स्टेशन पर सेकंड एंट्री बनाने और उसके कायाकल्प का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है। रेलवे को उम्मीद है कि अगले साल के अंत तक इन सभी स्टेशनों पर प्रस्तावित विकास कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।