जयपुर. अगर आप राजस्थान की सड़कों पर खाकी देखकर सीधे गाड़ी किनारे लगा देते हैं, तो जरा ठहरिए। हो सकता है सामने पुलिस नहीं, परिवहन विभाग का 'वर्दीधारी गार्ड' खड़ा हो। जी हां! सड़क पर खाकी वर्दी दिखते ही वाहन चालक आमतौर पर पुलिस की वर्दी समझ लेता है। इसी भरोसे और रौब का इस्तेमाल राजस्थान के परिवहन विभाग में तैनात सुरक्षा गार्ड कर रहे है। विभाग में निजी कंपनी के माध्यम से लगाए गए भूतपूर्व सैनिकों को खाकी वर्दी पहनने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद आरटीओ-डीटीओ कार्यालयों से लेकर हाईवे पर वाहनों की जांच करने वाले उड़नदस्तों तक गार्ड खाकी पहनकर ड्यूटी कर रहे है। मामला सिर्फ ड्रेस कोड के उल्लंघन तक सीमित नहीं है। खाकी की आड़ में वाहन चालकों पर दबाव बनाने और कथित वसूली के आरोप भी लगते रहे हैं।