
वर्तमान में जयपुर (Photo-Patrika)
जयपुर. गुलाबी शहर की खूबसूरती यूं ही दुनिया को अपना दीवाना नहीं बनाती। इसके पीछे एक प्रधानमंत्री दूरदर्शिता छिपी है। प्रधानमंत्री थे मिर्जा इस्माइल। यह वह दौर था, जब जयपुर परकोटे की चारदीवारी में सिमटा हुआ था। बाजारों में टीन शेड थे और शहर के बाहर आबादी का विस्तार सीमित था। मिर्जा इस्माइल ने भविष्य के जयपुर की तस्वीर देखी। सड़कों को चौड़ा करने, बाजारों को संवारने और परकोटे के बाहर नए आवासीय क्षेत्रों को विकसित करने की दिशा में काम शुरू हुआ। अस्पतालों से लेकर शिक्षण संस्थानों तक विकास की नई इबारत लिखी जाने लगी। आज जिस एमआई रोड से हजारों लोग गुजरते हैं, उसका नाम भी इसी दूरदर्शी प्रधानमंत्री के सम्मान में मिर्जा इस्माइल रोड रखा गया था।
आज परकोटे के बाजारों में एक कतार में बने बरामदे जयपुर की खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं। लेकिन एक दौर ऐसा भी था, जब बाजारों में टीन शेड लगे हुए थे। मिर्जा इस्माइल ने इन टीन शेड को हटवाकर बरामदे बनवाए। इससे बाजारों को एकरूपता मिली और उनकी खूबसूरती निखर उठी। यह केवल बाजारों का सौंदर्याकरण नहीं था, बल्कि जयपुर की स्थापत्य पहचान को संवारने की कोशिश थी।
मिर्जा इस्माइल से जुड़े कई दिलचस्प किस्से हैं। एक बार मिर्जा इस्माइल महाराजा संस्कृत कॉलेज पहुंचे। वहां एक शिक्षक खड़े नहीं हुए। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया गया। जब मिर्जा के जयपुर छोड़ने का समय आया तो उन्होंने शिक्षक को बुलवाया। शिक्षक सामने पहुंचे तो मिर्जा इस्माइल ने उन्हें अपनी कुर्सी पर बैठाया और खुद खड़े हो गए। फिर समझाया कि सम्मान व्यक्ति का नहीं, उसके पद का होता है। इसके बाद उन्होंने शिक्षक को नौकरी पर बहाल करवाया और पूरा बकाया वेतन भी दिलवाया।
वर्ष 1926 में मिर्जा मैसूर के दीवान बने। वहां बिजली के बल्ब बनाने के कारखानों से लेकर स्कूल-कॉलेज, सड़कें, पार्क और बिजली-पानी की सुविधाओं वाली कॉलोनियों के विकास में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैसूर में हासिल अनुभव जयपुर में उनके काम आया। उन्होंने समझ लिया था कि भविष्य का शहर केवल महलों और बाजारों से नहीं बनेगा। उसे चौड़ी सड़कें, व्यवस्थित यातायात, बेहतर अस्पताल और नए आवासीय क्षेत्र भी चाहिए। इसी सोच के साथ जयपुर को परकोटे से बाहर विस्तार देने की दिशा में काम हुआ। वर्ष 1942 में उन्होंने जयपुर रियासत के प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभाली। शुरुआत में उन्हें महज एक वर्ष के लिए बुलाया गया था. लेकिन विकास की उनकी सोच और काम करने के अंदाज ने ऐसी छाप छोड़ी कि कार्यकाल बढ़ता चला गया। वे 1946 तक जयपुर के प्रधानमंत्री रहे। इन चार वर्षों में उन्होंने आने वाले कई दशकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास की दिशा तय की।
रियासतकालीन जयपुर में मिर्जा इस्माइल की सोच सड़कों और इमारतों तक सीमित नहीं थी। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं को भी विकास का आधार बनाया। जनाना अस्पताल, सवाई मानसिंह अस्पताल और जच्चा खाने जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास में उनकी भूमिका रही। आज जयपुर का जो आधुनिक स्वरूप दिखाई देता है, उसकी नींव मजबूत करने में मिर्जा का बड़ा योगदान रहा।
-सियाशरण लश्करी, संस्थापक अध्यक्ष, जयपुर फाउंडेशन
24 अक्टूबर 1883 : बेंगलूरु में जन्म
1926: मैसूर रियासत के दीवान बने
1942: जयपुर रियासत के प्रधानमंत्री का पद संभाला
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
23 Nov 2026, 8:58 AM IST
Published on:
23 Nov 2026, 8:58 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़




