22 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / आज जितने वक्त में सरकारी फाइल भी न खिसके, 300 साल पहले सिर्फ डेढ़ साल में बस गया था पूरा जयपुर! पढ़ें अनसुनी दास्तान

आज जितने वक्त में सरकारी फाइल भी न खिसके, 300 साल पहले सिर्फ डेढ़ साल में बस गया था पूरा जयपुर! पढ़ें अनसुनी दास्तान

महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय के एक आह्वान पर महज डेढ़ साल में जयपुर बसकर तैयार हो गया था। जानें 300 साल पुराने जयपुर की अनसुनी कहानी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Harshita Saini

•

Updated: 22 Nov 2026, 9:30 AM IST

Jaipur foundation history

मणिहारों का रास्ता (Photo-Patrika)

जितेन्द्र सिंह शेखावत

जयपुर. कल्पना कीजिए आज से करीब तीन सौ साल पहले की उस सुनहरी सुबह की… जब जयपुर की नींव रखे हुए महज डेढ़ साल ही बीता था। आमतौर पर किसी नए शहर को बसने में दशकों लग जाते हैं, लेकिन महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय के एक आह्वान ने इतिहास की रफ्तार बदल दी थी। राजा ने देशभर के विद्वानों, धर्माचार्यों, धनपति सेठों और हुनरमंद कारीगरों को न्योता दिया- 'आओ, एक ऐसा नगर बसाएं जो दुनिया के लिए मिसाल बने।' और फिर जो हुआ, वह किसी करिश्मे से कम नहीं था। स्थापना के ठीक डेढ़ साल बाद जब महाराजा सवाई जयसिंह अपने दरबारी कवि आत्माराम के साथ इस 'नवजात' शहर का निरीक्षण करने निकले, तो उनकी आंखें गर्व से चमक उठीं। बालानंद मठ के देवेन्द्र भगत के पास सुरक्षित कवि आत्माराम के ग्रंथ 'जयसिंह सुजस प्रकाश' के पन्ने आज भी उस जीवंत दृश्य की गवाही देते हैं। चलिए, कवि आत्माराम की नजरों से उस शुरुआती जयपुर की गलियों में चलते हैं…।

'पापहारिणी सरिता' के समान द्रव्यवती का जल

सुबह की पहली किरण के साथ ब्रह्मपुरी की हवेलियों से वेद और शास्त्रों के मंत्रों की मधुर ध्वनि गूंजने लगती है। काशी, वृंदावन, अयोध्या से आए विद्वान ब्राह्मण जयसागर सरोवर, तालकटोरा के निर्मल जल में स्नान कर सूर्य को अर्घ्य दे रहे हैं। हवन की पवित्र सुगंध वातावरण महका रही है। छोटी चौपड़ पर सीतारामजी के मंदिर की घंटियां-जिसकी प्राण-प्रतिष्ठा में स्वयं महाराजा शामिल हुए थे-शहर की आध्यात्मिक ऊर्जा का अहसास करा रही हैं। जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, चौड़ी सड़कों और हवादार हवेलियों वाले इस शहर की रौनक परवान चढ़ने लगती है। चांदपोल से बाजारों की ओर बहती द्रव्यवती नदी की स्वच्छ नहर मानो 'पापहारिणी सरिता' की तरह शहर की प्यास बुझा रही है।

बड़े-बड़े घड़ों में देसी घी और मटकों में गुड़ का राब

अब जरा बाजारों की तरफ नजर घुमाइए! यहां ऊंटों के काफिले किसी समुद्री जहाज की तरह माल ढोते नजर आ रहे हैं। हवेलियों के झरोखों में रंग बिरंगी पगड़ियां पहने रईस सेठ-साहूकार किसी उमराव से कम नहीं लग रहे, जो अपनी पारखी नजरों से हीरे, पन्ने और लाल मणियां परख रहे हैं। बाजारों में दूर-दराज की दुनिया सिमट आई है-कहीं विलायत का महीन कपड़ा है, तो कहीं काबुल और जलालाबाद के सूखे मेवे। बड़े-बड़े घड़ों में शुद्ध देसी घी, घाणी का तेल और मटकों में गुड़ का राब बिक रहा है, तो सांभर का नमक और रुई-नमदा के ढेर कारोबार की समृद्धि बता रहे हैं।

दूरदर्शिता, कारीगरी, ज्ञान से बना 'नगरों का सरताज'

यह कहानी बताती है कि जयपुर सिर्फ ईंट-पत्थर या राजसी वैभव से नहीं बना था। यह शहर बना था महाराजा की दूरदर्शिता, विद्वानों के ज्ञान, सेठों की साख और कारीगरों के पसीने से… जिसने महज डेढ़ साल में ही गुलाबी नगर को 'नगरों का सरताज' बना दिया था। तब त्रिपोलिया बाजार में अस्त्र-शस्त्र गढ़े जा रहे थे, तो कहीं घोड़ों को प्रशिक्षित किया जा रहा था। शानदार पालकियां, पीढ़े और छतरदार तख्त बन रहे थे। तब चंद्रमहल की भव्यता को निहारते हुए कवि आत्माराम ने सच ही लिखा था कि 'दिल्ली और आगरा जैसे पुराने नगर भी इस नए जयपुर की बराबरी नहीं कर सकते।'