23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / राजस्थान पंचायत चुनाव: BJP के गढ़ में BAP और RLP ने दिखाई ताकत, हार की समीक्षा के लिए जयपुर पहुंचे भाजपा के दिग्गज

राजस्थान पंचायत चुनाव: BJP के गढ़ में BAP और RLP ने दिखाई ताकत, हार की समीक्षा के लिए जयपुर पहुंचे भाजपा के दिग्गज

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा के प्रभाव वाले 11 जिलों में सेंध लगाई। कांग्रेस 301 पंचायत समितियों में आगे रही, जबकि भाजपा 79 पर सिमट गई। भाजपा अब संभागवार बैठकों में हार के कारणों की समीक्षा करेगी।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 23 Nov 2026, 10:52 AM IST

rajasthan panchayat polls 2026

हार की समीक्षा के लिए पहुंचीं कविता पाटीदार, कुलजीत और अन्य (पत्रिका फोटो)

Rajasthan Panchayat Election 2026: जयपुर: राजस्थान पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने भाजपा को उसके ही सियासी गढ़ों में चुनौती देकर ग्रामीण राजनीति के समीकरण बदल दिए हैं। पिछले चुनाव की तुलना में कांग्रेस ने भाजपा के प्रभाव वाले 11 जिलों में सेंध लगाई है। वहीं, भाजपा कांग्रेस के पुराने गढ़ों में केवल अजमेर में बढ़त बना सकी। वर्ष 2020-21 के चुनाव में 180 पंचायत समितियों में बढ़त रखने वाली कांग्रेस इस बार 301 तक पहुंच गई, जबकि भाजपा 139 से घटकर 79 पर आ गई। नतीजों ने प्रदेश की सत्ताधारी भाजपा के सामने ग्रामीण क्षेत्रों में अपने जनाधार और संगठन की पकड़ की समीक्षा करने की चुनौती खड़ी कर दी है।

कांग्रेस ने भरतपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, चूरू, जयपुर, जैसलमेर, जालोर, झुंझुनूं, राजसमंद, सीकर और टोंक में भाजपा के मुकाबले बढ़त बनाई है। दूसरी ओर, अजमेर में भाजपा ने कांग्रेस के मुकाबले बढ़त हासिल की। भाजपा के प्रभाव वाले डूंगरपुर में अब बीएपी और नागौर में आरएलपी ने अपनी ताकत दिखाई। अलवर, बांसवाड़ा, बाड़मेर, बीकानेर, बूंदी, दौसा, धौलपुर, हनुमानगढ़, जोधपुर, सवाई माधोपुर, उदयपुर, झालावाड़ और पाली में दोनों प्रमुख दलों की स्थिति लगभग यथावत रही। नए बने आठ जिलों बालोतरा, ब्यावर, डीडवाना-कुचामन, डीग, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, फलोदी और सलूंबर में पहली बार पंचायत चुनाव हुए।

पंचायत समितियों में कांग्रेस की बड़ी छलांग, भाजपा को 60 का नुकसान

पिछले चुनाव के मुकाबले कांग्रेस ने पंचायत समितियों में 121 की बढ़ोतरी दर्ज की है। वर्ष 2020-21 में कांग्रेस के खाते में 180 पंचायत समितियां थीं, जो 2026 में बढ़कर 301 हो गईं। भाजपा की संख्या 139 से घटकर 79 रह गई। प्रतिशत के लिहाज से कांग्रेस 51.14 से बढ़कर 71.83 प्रतिशत पर पहुंची, जबकि भाजपा 39.49 से घटकर 18.85 प्रतिशत पर आ गई। यह बदलाव ग्रामीण क्षेत्रों में दोनों दलों के बीच बदले राजनीतिक समीकरण का संकेत है।

जिला परिषदों के 62 फीसदी वार्डों में कांग्रेस ने मारी बाजी

जिला परिषदों में कांग्रेस ने 794 (62.47%) वार्ड जीतकर भाजपा के 357 (28.08%) वार्डों के मुकाबले बढ़त बनाई है। अन्य के खाते में 120 (9.44%) वार्ड आए हैं। प्रदेश की 37 जिला परिषदों में बहुमत के मामले में कांग्रेस आगे है। कांग्रेस को 23 में पूर्ण बहुमत मिला है, जबकि चार में वह आगे और दो में बराबरी पर है। भाजपा को पांच में पूर्ण बहुमत मिला है और एक में वह आगे है। आरएलपी और बीएपी एक-एक जिला परिषद में आगे हैं।

कहां चूकी, कहां चमकी? भाजपा खंगालेगी पंचायत चुनाव का हिसाब

जयपुर। पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा में समीक्षा का दौर अब और तेज होने जा रहा है। प्रदेश में संगठनात्मक स्तर पर हार के कारणों की पड़ताल के लिए केंद्रीय नेताओं और प्रदेश सह-प्रभारियों की सक्रियता बढ़ गई है। इसी के तहत प्रदेश सह-प्रभारी कविता पाटीदार और कुलजीत चहल शनिवार रात जयपुर पहुंचे। प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया भी सोमवार को आएंगे।

परिणामों की समीक्षा के लिए संभागवार बैठकें होंगी। इन बैठकों में संबंधित संभागों के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, चुनाव प्रभारियों, विधायकों, सांसदों और संगठन के पदाधिकारियों से चुनाव परिणामों पर फीडबैक लिया जाएगा। हर क्षेत्र में पार्टी के प्रदर्शन और कमजोरियों की समीक्षा होगी। स्थानीय स्तर पर सामने आए असंतोष के कारणों की भी पड़ताल की जाएगी। इसके आधार पर रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री सहित कई नेता पहुंचे प्रदेश कार्यालय

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रदेश भाजपा मुख्यालय में बैठक करने के एक दिन बाद रविवार को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी वहां पहुंचे। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित अन्य नेताओं से मुलाकात कर चुनाव परिणामों पर चर्चा की। इस दौरान जयपुर सांसद मंजू शर्मा और विधायक गोपाल शर्मा व बालमुकुंदाचार्य भी भाजपा मुख्यालय पहुंचे। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की भी राजस्थान के नतीजों पर नजर है। माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भूपेंद्र यादव और भागीरथ चौधरी से भी चर्चा की जाएगी।

बूथ से जिला स्तर तक खंगाली जाएगी हार-जीत की वजह : शेखावत

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा बूथ से लेकर जिला और निर्वाचन क्षेत्र स्तर तक की जाएगी। उन्होंने हार को आत्ममंथन का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी पड़ताल करेगी कि योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने में कहां कमी रही और कामकाज का संदेश मतदाताओं तक क्यों नहीं पहुंच पाया। शेखावत ने यह भी कहा कि समीक्षा में देखा जाएगा कि कमी योजनाओं के क्रियान्वयन में रही या उनके प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क में।