हरमाड़ा थाना पुलिस ने मंगलवार को एक युवक के अपहरण और लूट के मामले में एक महिला सहित 6 जनों को गिरफ्तार कर लिया।
हरमाड़ा थाना पुलिस ने मंगलवार को एक युवक के अपहरण और लूट के मामले में एक महिला सहित 6 जनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने दस लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने वारदात के समय काम में लिया गया वाहन जब्त कर लिया।
डीसीपी (पश्चिम) अमित बुडानिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आकाश सिंह चौहान, मनोज प्रागपुरा, शंकर लाल सैन अजय पाल सिंह राठौड़ महेश नगर, रवि कुमार टॉक और पूजा देवी सांगानेर सदर के रहने वाले है। थानाप्रभारी दिलीप खदाव ने बताया कि आरोपी और अपह्त व्यक्ति विजय अग्रवाल के बीच रुपए का लेन-देन चल रहा है। इससे नाराज होकर आरोपियों ने विजय की रैकी की।
इस तरह किया अपहरण
19 मई को जैसे ही विजय गाड़ी लेकर न्यू लोहामंडी रोड पर पहुंचा तो आरोपी पूजा देवी ने खुद को क्राइम ब्रांच का ऑफिसर बताकर उसे गाड़ी में बिठा लिया। गाड़ी में विजय को बिठाकर वह मुहाना पहुंचे और पत्नी को फोन कर दस लाख रुपयों की मांग की। फिरौती की मांग करते हुए आरोपी बार बार अपनी लोकेशन बदलते रहे। विजय को लेकर आरोपी टोंक रोड, आदर्श नगर, कोटपुतली, बानसूर तक ले गए। इसी दौरान उन्हें पुलिस के पीछा करने की भनक लग गई। जिस पर आरोपी उसे कोटपुतली में छोड़कर भाग गए। आरोपियों की पहचान ना हो इसलिए जगह बदल बदल कर फरारी काट रहे थे। पुलिस ने लगातार पीछा करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।