जयपुर

वैशालीनगर से कार सहित चालक का अपहरण, टाटियावास टोल नाके पर पकड़ा

पुलिस ने बरती तत्परता, आधे घंटे में आरोपी धरे  
less than 1 minute read
• •
Updated: 1 Nov 2018, 12:09 AM IST
Feature image

जयपुर. वैशालीनगर में नशे में धुत 2 युवकों ने मंगलवार रात एक कार लूट ली और चालक का अपहरण कर ले गए। पुलिस को सूचना मिली तो चहुंओर नाकाबंदी कर दी। गलियों से होते हुए आरोपी टाटियावास टोल नाके तक ही पहुंचे थे कि आधे घंटे के भीतर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम रतन सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग में संयुक्त आयुक्त भजनलाल रोलन का हनुमाननगर विस्तार में मकान है। विभाग में अनुबंधित उनकी कार को दौलतराम मेघवाल चलाता है। वह मंगलवार रात गाड़ी सहित पास में गली में सो रहा था। रात करीब 12.30 बजे आगरा हाल लक्ष्मीनगर निवारू रोड निवासी प्रवीण सिंह (26) और सुरेन्द्र सिंह चाहर (30) वहां आए और दौलतराम से रुपए मांगने लगे। उसने मना किया तो धक्का देकर दोनों गाड़ी में घुस गए और अपहरण कर कनकपुरा रेलवे स्टेशन की ओर ले जाने लगे। कुछ मीटर दूर दौलतराम गेट खोलकर कूद गया और पुलिस की चेतक को घटना बताई। पुलिस ने नाकाबंदी कराई लेकिन आरोपी गलियों से होते हुए सीकर रोड पर जा पहुंचे। आखिर टाटियावास टोल नाके पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। दोनों आरोपी ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी में काम करते हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नशे में उन्होंने वारदात की। पुलिस दोनों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। वैशालीनगर थानाधिकारी राजेन्द्र रावत ने बताया कि आरोपियों ने दौलतराम का मोबाइल रास्ते में कहीं फेंक दिया, जिसे तलाशा जा रहा है। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने गाड़ी के पीछे लिखे 'राजस्थान सरकारÓ को रगड़कर मिटा दिया और पीछे की नंबर प्लेट भी खोलकर छुपा दी।

Updated on:
1 Nov 2018, 12:09 AM IST
Published on: