जयपुर

पत्नी और दो बेटियों के सिर पत्थर से कुचलकर हत्या

सात साल का बेटा दूधमुंहे भाई को लेकर भागा तो बची जान, शराबी की हैवानियत ने ले ली तीन जानें

2 min read
Jun 07, 2022
पत्नी और दो बेटियों के सिर पत्थर से कुचलकर हत्या

जयपुर। उदयपुर के कोटड़ा में नशे में व्यक्ति इतना हैवान बन जाता है कि वह रिश्तों का भी कत्ल (rishton ka katl) कर देता है। ऐसी ही घटना कोटड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को हुई, जहां रविवार रात एक व्यक्ति ने पत्नी और दोनों बेटियों के सिर पत्थर से कुचलकर मार डाला। घटना के बाद आरोपी भाग गया। उसका सात साल का बेटा अपने दूधमुंहे भाई को लेकर जंगल में भागा, जिससे दोनों की जान बच गई।

पुलिस ने बताया कि उपली सुबरी कबाडिय़ा फला निवासी पोपट पुत्र शांता गमार ने पत्नी काली गमार (25), पुत्री सुमित्रा (5) और नानी (3) की हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब काली चार बच्चों के साथ आंगन में सो रही थी। नशे में धुत होकर आए पोपट और काली के बीच कहासुनी हो गई। गुस्साए पोपट ने काली के सिर पर भारी पत्थर मार दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत ही गई। इसके बाद पोपट ने पुत्री सुमित्रा और नानी के सिर पर भी पत्थर मार कर जान ले ली। चीखें सुनकर सात वर्षीय महेश उठा और अपने दूधमुंहे भाई को उठाकर जंगल में जा छिपा, जिससे दोनों की जान बचा गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया।

सोमवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर कोटड़ा पुलिस उपअधीक्षक कुशालराम चोर्डिया, थानाधिकारी पवन सिंह मौके पर पहुंचे। तीनों शवों को कोटड़ा सीएचसी पहुंचाया, वहीं दंत्राल (गुजरात) निवासी पीहर पक्ष को सूचना दी।

चरित्र संदेह में वारदात

उपली सुबरी कबाडिय़ा फला गुजरात सीमा से लगा क्षेत्र है। पोपट का परिवार गुजरात में खेती बाड़ी करता है। पोपट आए दिन शराब पीने के बाद चरित्र संदेह को लेकर पत्नी से झगड़ा करता था। रविवार रात को भी दोनों के बीच काफी बहस हुई थी। इसके बाद रिश्तों का कत्ल कर दिया गया।

आरोपी को जंगल में तलाश रही पुलिस
वारदात के बाद आरोपी जंगल में भागा। सोमवार सुबह पुलिस बल ने उसकी तलाश शुरू की। डीएसपी के नेतृत्व में कोटड़ा थानाधिकारी पवन सिंह, मांडवा थानाधिकारी उत्तम सिंह, एएसआइ शंकरलाल मीणा पुलिस बल के साथ पहुंचे, वहीं ग्रामीण भी दिनभर जंगल में आरोपी को तलाशते रहे।

पीहर पक्ष से चली वार्ता, आठ लाख में समझौता
मृतका काली के पीहर पक्ष दंत्राल (गुजरात) से रिश्तेदार और परिजन सोमवार शाम कोटड़ा पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच बातचीत का दौर चला। आपसी सहमति से 8 लाख रुपए तय करने के साथ ही अंतिम संस्कार के लिए 50 हजार रुपए देने पर पीहर पक्ष पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव सौंपा।

हत्या के आरोपी के खिलाफ परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पीहर पक्ष के आने पर पोस्टमार्टम करवाया गया। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पवन सिंह, थानाधिकारी, कोटड़ा

Published on:
07 Jun 2022 12:33 am
Also Read
View All