
राजस्थान की शान पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन (फोटो-ऑफिसियल साइट)
जयपुर। राजस्थान की शाही पहचान मानी जाने वाली लग्जरी ट्रेन ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ अपने 45 साल के इतिहास में पहली बार मई महीने में दौड़ने जा रही है। अब तक यह ट्रेन हर साल सितंबर से अप्रैल के बीच ही संचालित होती थी, लेकिन इस बार विशेष मांग को देखते हुए इसे मई में भी चलाने का निर्णय लिया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बढ़ती मांग और विशेष चार्टर बुकिंग के कारण यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया है।
देश की पहली लग्जरी हेरिटेज ट्रेन मानी जाने वाली ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ की शुरुआत 26 जनवरी 1982 को हुई थी। यह ट्रेन राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) और भारतीय रेलवे की संयुक्त पहल है। दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित लग्जरी ट्रेनों में शामिल यह ट्रेन विदेशी और भारतीय पर्यटकों को राजस्थान की शाही संस्कृति, विरासत और राजसी आतिथ्य का अनोखा अनुभव कराती है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि मई महीने में राजस्थान में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाता है, इसलिए पहले कभी इस मौसम में ट्रेन का संचालन नहीं किया गया। लेकिन इस बार एक बड़े राष्ट्रीयकृत बैंक ने पूरी ट्रेन को विशेष यात्रा के लिए बुक किया है। ऐसे समय में जब वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं, यह बुकिंग देश के पर्यटन क्षेत्र में बढ़ते भरोसे को दर्शाती है।
यह विशेष यात्रा 20 मई से 25 मई 2026 तक आयोजित की जाएगी। ट्रेन दिल्ली सफदरजंग स्टेशन से रवाना होकर करीब 2610 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस दौरान ट्रेन राजस्थान के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों और ऐतिहासिक शहरों से होकर गुजरेगी। यात्रा में जयपुर, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, मारवाड़ जंक्शन, जैसलमेर और बीकानेर जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।
भारतीय रेलवे की ‘भारत गौरव ट्रेन नीति’ के तहत संचालित होने वाली इस विशेष ट्रेन का नंबर 00290 रखा गया है। ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें शाही सैलून, सुपर डीलक्स कोच, रेस्टोरेंट-कम-बार, किचन, स्पा और स्टाफ कोच शामिल रहेंगे। ट्रेन के 14 शाही कोचों के नाम राजस्थान की पूर्व रियासतों जैसे जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर, बूंदी, अलवर और जैसलमेर के नाम पर रखे गए हैं।
छह दिन की इस यात्रा के दौरान पर्यटकों को राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर, किले, महल, वन्यजीव और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। ट्रेन का सबसे लंबा ठहराव जैसलमेर में होगा, जहां पर्यटक थार के रेगिस्तान और स्वर्णनगरी की खूबसूरती का आनंद ले सकेंगे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह पहली बार है जब भीषण गर्मी के बावजूद पैलेस ऑन व्हील्स को मई में चलाया जा रहा है। इसे भारतीय पर्यटन उद्योग के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, जो दर्शाता है कि राजस्थान की शाही पर्यटन विरासत का आकर्षण आज भी दुनिया भर के यात्रियों को अपनी ओर खींच रहा है।
Updated on:
11 May 2026 05:57 pm
Published on:
11 May 2026 05:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
