Sports Story : किरण जीत दुनिया भर के अलग-अलग देशों में हाफ और फुल मैराथन में दौड़ चुकी हैं।
जयपुर। महिलाएं अक्सर जिमेदारियों के चलते अपनी फिटनेस पर ध्यान नहीं दे पातीं। एडवेंचर स्पोर्ट्स उन्हें बेहद मुश्किल काम लगते हैं, लेकिन किरण जीत ऐसी नहीं है, वह खुद एक गृहिणी हैं और एडवेंचर पसंद करती हैं।
वह दुनिया भर के अलग-अलग देशों में हाफ और फुल मैराथन में दौड़ चुकी हैं। वह लंदन और बर्लिन मैराथन में भी भाग ले चुकी हैं।
फिलहाल किरण जिम में वेट ट्रेनिंग, साइक्लिंग और रनिंग करती हैं और फिटनेस के लिए स्विमिंग भी सीख रही हैं। किरण बताती हैं कि 13 वर्ष पहले जब उन्होंने फिटनेस पर ध्यान देना शुरू किया, तब उनका वजन 120 किलोग्राम था। लोग उनका मजाक भी बनाते थे। इसके बाद किरण ने जिम जाने का फैसला किया। धीरे-धीरे वह अलग अलग स्पोर्ट्स में हिस्सा लेने लगीं।
किरण बताती हैं कि जब उन्होंने रनिंग करना शुरू किया तो उन्हें रनिंग में मजा आने लगा। अब वह लोगों को फिटनेस से जुड़े फायदे बताती हैं।
किरण का मानना है कि महिलाओं को रोजाना अपनी फिटनेस के लिए एक घंटा जरूर निकालना चाहिए। किरण बताती हैं कि महिलाओं के शरीर में समय-समय पर अलग अलग हार्मोनल बदलाव होते हैं। उन्हें अपनी फिटनेस और आहार पर पूरी तरह ध्यान देना चाहिए। तभी अपनी सभी जिमेदारियों को बखूबी निभा पाएंगी।