
जयपुर। राजस्थान पंचायत चुनाव में भाजपा को मिली हार के बाद कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के एक बयान ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। मीणा ने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी कांग्रेस को सरकार बनाने की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा ने मनोहर लाल खट्टर को हटाकर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया और पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौट आई। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बयान पर चर्चा तेज होने के बाद मीणा ने सफाई भी दी।
किरोड़ी लाल मीणा ने पंचायत चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि जनता का फैसला स्वीकार है और पार्टी फिर से जनता का विश्वास हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के लिए किसी एक व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। यह सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी को इसकी समीक्षा करनी चाहिए।
मीणा ने कांग्रेस के उन दावों पर भी प्रतिक्रिया दी, जिनमें पंचायत चुनाव के नतीजों को 2028 के विधानसभा चुनाव का लिटमस टेस्ट बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गलतफहमी में न रहे। हरियाणा में भी चुनाव से पहले कांग्रेस को सरकार बनाने की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा ने नेतृत्व में बदलाव किया और नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत हासिल किया। उनके इसी उदाहरण को राजस्थान में 2028 के विधानसभा चुनाव और भाजपा के नेतृत्व से जोड़कर देखा जाने लगा।
किरोड़ी लाल मीणा का हरियाणा में खट्टर को हटाकर सैनी को मुख्यमंत्री बनाने वाला बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद उन्होंने बयान जारी कर कहा कि उनकी बात का कोई दूसरा अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। मीणा ने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार अच्छा काम कर रही है। पार्टी उनके नेतृत्व में ही आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने दोहराया कि भाजपा पंचायत चुनाव में मिली हार को स्वीकार करती है और आगे जनता के बीच जाकर उनका विश्वास जीतने का प्रयास करेगी।