
जयपुर। प्रदेश में फसलों की सरकारी खरीद शुरू नहीं करने और किसानों को नुकसान की बीमा राशि नहीं देने के विरोध में आप नेता रामपाल जाट के अनशन पर बैठने की स्वीकृति जिला प्रशासन ने नहीं दी। देररात तक पार्टी पदाधिकारी पुलिस कमिश्नरेट अधिकारियों से चर्चा करते रहे लेकिन उन्हे अनुमति नहीं दी गई। स्वीकृति नहीं मिलने के बावजूद आज सुबह 11 बजे जाट पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शहीद स्मारक पर अनशन के लिए रवाना हुए। लेकिन पुलिस ने उन्हे समर्थकों के साथ रोटरी क्लब में रोक दिया। इससे समर्थकों में भारी रोष व्याप्त हो गया।
आप पार्टी के प्रदेश समन्वयक देवेंद्र शास्त्री ने बताया पार्टी की ओर से पुलिस प्रशासन से अनशन स्थल पर बैठने की स्वीकृति मांगी गई जिसे पुलिस ने नामंजूर कर दिया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने पार्टी पदाधिकरियों को जिला प्रशासन से जिला कलक्ट्रेट पर अनशन की अनुमति दिलाने का आश्वासन दिया। लेकिन पार्टी पदाधिकारी शहीद स्मारक पर ही अनशन पर बैठने की जिद पर अड़ गए।
आज सुबह 11 बजे आप नेता रामपाल जाट शहीद स्मारक पर अनशन शुरू करने रवाना हुए लेकिन पुलिस ने उन्हे रोटरी क्लब में ही रोक दिया। बाद में पुलिस उन्हे समर्थकों समेत हिरासत में लेकर मौके से रवाना हो गई। पुलिस बस में सवार होने के दौरान किसान नेता रामपाल जाट ने कहा कि पुलिस और प्रशासन चाहे जो कर ले उनका अनशन रात 12 बजे से शुरू हो चुका है और जब तक किसानों की मांगों पर सुनवाई नहीं होती तब तक आमरण अनशन अब जारी रहेगा।