जयपुर

कालीवुड वीकली

Aug 03, 2026
Rajasthan

''सरदार 2'' एस.जे. सूर्या का में दबदबा
चेन्नई. निर्देशक पीएस मिथरन की बहुप्रतीक्षित स्पाई थ्रिलर ''सरदार 2'' का एक्शन से भरपूर टीजर शुक्रवार को रिलीज किया गया। अभिनेता कार्ती के मुख्य किरदार वाले इस फिल्म के टीजर को प्रिंस पिक्चर्स ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा किया। टीजर की शुरुआत एक धमाकेदार एक्शन सीन से होती है जो उड़ान में दिखाया गया है। एस.जे. सूर्या इस फिल्म में ब्लैक डैगर के किरदार में हैं। फिल्म 10 सितंबर को विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की शूटिंग जून में बैंकॉक में पूरी हुई थी। इस फिल्म में मालविका मोहनन भी अहम् भूमिका में हैं। ''सरदार 2'' का कैमरा वर्क जॉर्ज विलियम्स, संगीत सैम सी.एस. और संपादन रुबेन ने किया है।

''सिग्नल एट 11.30'': रोमांटिक थ्रिलर का वादा
चेन्नई. ''सिग्नल एट 11.30'' फिल्म की टीम ने हाल ही चुनिंदा मीडिया के लिए ट्रेलर की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की। इस फिल्म के ट्रेलर में ताजगी भरे दृश्य और संगीत देखने को मिले, जिससे दर्शकों में रोमांच की उम्मीदें बढ़ गई हैं। निर्देशक मलरविझी नटेशन ने कहा, यह एक रोमांटिक थ्रिलर है, जो असल जीवन की घटनाओं से प्रेरित है। ओएमआर के एक सिग्नल पर मेरे साथ जो हुआ, उसी से मैंने इस कहानी को गढ़ा है।
फिल्म के मुख्य अभिनेता संतोष प्रताप ने सिद्धार्थ नामक डॉक्टर का किरदार निभाया है, वहीं भाव्या त्रिखा सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल की भूमिका में हैं। संतोष ने बताया, मेरे किरदार के कई आयाम हैं। एक सीन में सही काम करता दिखूंगा तो कभी किरदार में ग्रे शेड्स भी दिखेंगे। सिद्धार्थ के लिए वही सही है, जो वह करता है।
भाव्या त्रिखा ने बताया ट्रेलर में उनको बाइक चलाते देखा जा सकता है। उन्होंने कहा, मुझे बाइक चलाने से डर लगता था, लेकिन इस फिल्म की शूटिंग से पहले मैंने अभ्यास किया और अब मैं ट्रैफिक में बाइक आसानी से चला सकती हूं। हालांकि, अपने किरदार से जुड़े ट्विस्ट के बारे में उन्होंने ज्यादा खुलासा नहीं किया।
निर्देशक मलरविझी ने बताया संतोष प्रताप उनके दिमाग में सबसे पहले आए थे क्योंकि वे स्टाइलिश और रफ दोनों लगते हैं। उन्होंने फिल्म में बेहतरीन अभिनय किया है।

मणिरत्नम ने साई पल्लवी, विजय सेदुपति संग शुरू की शूटिंग
चेन्नई. प्रसिद्ध फिल्मकार मणिरत्नम ने अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कोलकाता में शुरू कर दी है। इस फिल्म में मुख्य भूमिका में साई पल्लवी और विजय सेदुपति नजर आएंगे। दोनों कलाकारों को हाल ही कोलकाता के प्रतिष्ठित हावड़ा ब्रिज पर शूटिंग करते देखा गया, जिससे स्थानीय नागरिकों तथा सिनेमा प्रेमियों के बीच काफी उत्सुकता देखी गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में निर्देशक मणिरत्नम अपनी टीम के साथ शूटिंग का निरीक्षण करते नजर आए। एक दृश्य में विजय सेदुपति साधारण लुक में दिखे, वहीं साई पल्लवी भी एक साधारण ड्रेस में नजर आईं। इस शूटिंग के चलते वहां मौजूद लोगों और प्रशंसकों में काफी उत्साह देखने को मिला।
फिल्म के नाम और कहानी को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म की टीम ने प्रोजेक्ट से जुड़ी अन्य जानकारियों को पूरी तरह गुप्त रखा है। हालांकि, कोलकाता शेड्यूल की शुरुआत के साथ ही प्रशंसकों में इस बहुचर्चित निर्देशक, साई पल्लवी और विजय सेदुपति के सहयोग को लेकर रोमांच बढ़ गया है।

निर्देशक सीनू ने ''इडी मुझक्कम'' के दो ट्रैक किए जारी
चेन्नई. राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार सीनू रामासामी ने अपनी लंबे समय से प्रतीक्षित फिल्म ''इडी मुझक्कम'' के दो गीतों के वीडियो जारी किए हैं। यह फिल्म कलैमगन मुबारक द्वारा निर्मित है और इसके मुख्य किरदारों में जीवी प्रकाश कुमार व गायत्री शामिल हैं। सीनू रामासामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से ''काना विलक्कु मयिलै'' और ''अडी तेनी संथैयिल'' नामक गाने साझा किए। साथ ही निर्देशक ने फिल्म की स्टारकास्ट का परिचय भी दिया, जिसमें शरण्या पोनवन्नन, एमएस भास्कर, कंजा करुप्पु, इसाक्की रघु, एंथनी दासन, ऐलन टॉल्सटॉय, वेट्री कुमारन, बिल्ला डेविड, योगी देवराज, दिवंगत मारिमुत्तु शामिल हैं।
''इडी मुझक्कम'' को लंबे समय से थिएटर में रिलीज का इंतजार है। इस फिल्म का प्रीमियर 2024 में पुणे अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में हुआ था, जहां इसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म और इसके गीतों की रिलीज को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता देखी जा रही है। निर्देशक द्वारा साझा किए गए गानों को सोशल मीडिया पर सराहा जा रहा है।

''लकी भास्कर 2'' पर निर्देशक का बड़ा ऐलान
चेन्नई. निर्देशक वेंकी एटलरी ने पुष्टि की है कि बहुचर्चित फिल्म ''लकी भास्कर'' का सीक्वेल जरूर बनेगा। फिल्म ''लकी भास्कर'' वर्ष 2024 में रिलीज हुई थी, जिसमें दुलकर सलमान ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म में दुलकर सलमान ने एक बैंक कैशियर का किरदार निभाया था, जो एक जोखिम भरी निवेश योजना में शामिल होकर मनी लॉन्ड्रिंग की दुनिया में फंस जाता है। इस फिल्म को दर्शकों और आलोचकों से जबरदस्त सराहना मिली थी।
फिल्म का निर्माण सितारा एंटरटेनमेंट्स और फॉर्च्यून फोर सिनेमा ने किया था। इसमें मीनाक्षी चौधरी मुख्य महिला किरदार में नजर आईं और संगीत जीवी प्रकाश कुमार ने दिया। ''लकी भास्कर'' को हाल ही 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ संवाद का पुरस्कार भी मिला, जिसे निर्देशक-लेखक वेंकी एटलरी ने प्राप्त किया।
वेंकी एटलरी ने कहा, लकी भास्कर 2 जरूर बनेगी। हालांकि, मैंने पहले ही दो अन्य फिल्मों के लिए प्रतिबद्धता जताई है, इसलिए उनके बाद ही सीक्वेल पर काम शुरू होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम जल्दबाजी नहीं करना चाहती, वह पहली फिल्म की तरह ही उच्च स्तर की सीक्वेल बनाना चाहती है।
निर्देशक के अनुसार, ''लकी भास्कर 2'' का निर्माण लगभग दो साल बाद शुरू होने की संभावना है। फिलहाल वेंकी एटलरी अपनी अगली फिल्म ''विश्वनाथ एंड सन्स'' की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें सूर्या और ममिता बैजू मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी।

Updated on:
03 Aug 2026 06:00 am
Published on:
03 Aug 2026 06:00 am