बॉलीवुड स्टार सलमान खान को जान से मारने की कोशिश में मुंबई पुलिस ने एक और साजिश का खुलासा किया है।
Lawrence Bishnoi Gang Planning Exposed : बॉलीवुड के सुपर स्टार सलमान खान को जान से मारने की कोशिश में मुंबई पुलिस ने एक और साजिश का खुलासा किया है। मुंबई पुलिस का कहना है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने पनवेल में सलमान खान की कार पर हमले का प्लान बनाया था। जिसके लिए हथियारों का बंदोबस्त पाकिस्तान के हथियार सप्लायर से किया गया।
मामले में नवी मुंबई पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पुलिस को टिप मिली थी कि जेल में बंद गैंगस्टर बिश्नोई ने कनाडा में रह रहे उसके चचेरे भाई अनमोल बिश्नोई और साथी गोल्डी बरार के साथ मिलकर पाकिस्तान के एक हथियार डीलर से AK-47, M-16 समेत अन्य अत्याधुनिक हथियार खरीदे थे।
सलमान खान पर हमले की योजना लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने बनाई थी। इनका मकसद था कि सलमान खान की गाड़ी को रोककर उन पर हमला करें या उनके पनवेल फार्महाउस पर धावा बोलना था। सलमान खान के घर पर गोलीबारी करने वाले दो शूटरों की गिरफ्तारी से एक महीने पहले यह योजना बनाई गई थी। नवी मुंबई पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस हत्याकांड की योजना की गहन जांच कर रही है।
इससे पहले सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले मामले में मुंबई क्राइम ब्राच ने एक आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहम्मद चौधरी है। चौधरी ने दो शूटरों सागर पाल और विक्की गुप्ता को पैसे मुहैया कराने के साथ रेकी करने में मदद की थी।