जयपुर

पेयजल लाइन जगह-जगह से लीकेज

घरों में पेयजल की किल्लत, टैंकर मंगवा कर रहे पूर्ति
2 min read
• •
Updated: 21 Apr 2018, 5:01 PM IST
Jaipur News

जयपुर . सिंधी कॉलोनी गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। पेयजल की समस्या दूर करने के लिए विभाग की तैयारियां अभी से लचर दिख रही हैं। मामला सिंधी कॉलोनी से जुड़ा है। यहां लोग पिछले दो माह से कम पानी की शिकायत कर रहे हैं। लोगों ने स्थानीय पम्प हाउस पर कई बार शिकायत भी की, लेकिन अभी तक कोई निस्तारण नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि विभाग के निर्देशानुसार घंटेभर आपूर्ति होनी चाहिए, लेकिन घरों में महज 35 मिनट ही पेयजल आपूर्ति हो रही है। इसमें भी पानी का प्रेशर कम होने से लोग महज 3 बाल्टी ही पानी भर पाते है। पत्रिका टीम ने लोगों की शिकायत पर उनके घर पहुंच पेयजल सप्लाई का जायजा लिया।

हफ्ते में दो बार मंगवा रहे टैंकर

पेयजल की कमी को देखते हुए पूर्व में लोगों ने घरों में दो-दो कनेक्शन लिए थे, लेकिन दो कनेक्शन भी पर्याप्त नहीं हैं। लोगों ने बताया कि दो माह से पानी की सप्लाई न के बराबर है। ऐसे में उन्हें स्थानीय गुरुद्वारे से पीने का पानी लाना पड़ता है। फिलहाल कम जलापूर्ति की वजह से कॉलोनी के सभी घरों में हर हफ्ते में दो बार टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है।

लीकेज की समस्या

स्थानीय लोगों ने बताया कि सिंधी कॉलोनी में शांतिपथ पर बड़ी पाइप लाइन डल चुकी है, लेकिन कॉलोनी की लाइन बसावट के समय की है, जिसे बदला नहीं गया है। यह जगह-जगह से लीकेज हो चुकी है। एक बार जनप्रतिनिधि ने भी एईएन के साथ दौरा किया। लेकिन उसका भी कोई फायदा नहीं हुआ।

मुख्य लाइन से जुड़े

लोगों ने कहा कि कॉलोनी की लाइन को शांतिपथ की मुख्य पेयजल लाइन से जोड़ा जाए। ताकि सुचारू जलापूर्ति हो सके। वहीं कॉलोनी की लाइन करीब पचास साल पुरानी है।

उर्मिला अरोड़ा, स्थानीय निवासी ने कहा कि एक घंटे की समय सीमा घटाकर 40 मिनट कर दी गई है। पूर्व में नलों से पानी की पूर्ति हो जाती थी। अब कम पानी आने से लोगों को पानी की पूर्ति तो दूर पीने का पानी भी नसीब नहीं होता।

मुकेश अरोड़ा, स्थानीय निवासी ने कहा कि फतेहटीबा सिंधी स्कूल के पीछे पाइप लाइन पुरानी है जिसे बदलने की जरूरत है। छोटी लाइन से पानी की पूर्ति नहीं हो पा रही है।

तेजी देवी, स्थानीय निवासी ने कहा कि निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ता है। विभाग ने लापरवाही की सारी हदे पार कर दी है। विभाग में शिकायत करने पर भी कोई समाधान नहीं होता।

किशन लाल, स्थानीय निवासी ने कहा कि लगातार पानी की कमी से लोगों में आक्रोशित हैं। यहां तक की विभाग नि:शुल्क जलापूर्ति अपने टैंकरों से भी नहीं करता। लोगों को पानी के लिए भी जेब से पैसे दे कर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।

फैक्ट फाइल
- 35 हजार लगभग पेयजल कनेक्शन क्षेत्र
- 10 हजार एमएल पिछले साल क्षेत्र में पानी की कुल खपत
- 12 हजार एमएल पानी की खपत का इस साल अनुमान
- यहां पम्प हाउस- जवाहर नगर(सेक्टर 3 व 4), सिंधी कॉलोनी, तिलकनगर व आदर्शनगर
- सप्लाई- हर रोज सुबह या शाम 1 घंटे पानी की सप्लाई होने का विभाग का दावा। लेकिन आता सिर्फ 40 मिनट
- इनसे भी होती पूर्ती- जरूरत के हिसाब से विभाग के 5 टैंकरों से 40 से अधिक चक्कर लगाने का दावा कर रहा विभाग, लेकिन लोगों की माने तो उन्हें निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।

विभाग के कर्मचारी

विभाग के 70 कर्मचारी नियमित रूप से सप्लाई, लीकेज और प्रेशर की शिकायत के लिए करते कार्य।
प्रतिदिन आपूर्ति- 27.8 (एमएलडी )
1. जवाहर नगर सेक्टर3- 3.85
2. जवाहर नगर सेक्टर4-4.20
3. सिंधी कॉलोनी- 4.45
4. आदर्श नगर- 10.5
5. तिलक नगर- 4.80

Published on: