
नींबू पोषकता से भरपूर होता है। विटामिन-सी की उपलब्धता शरीर को रोगों से लडऩे की ताकत देती है और त्वचा को हेल्दी बनाती है। नींबू को विभिन्न विटामिन और मिनरल्स का खजाना माना जाता है। यह पाचनतंत्र के लिए भी उपयोगी है। नींबू पानी पीने से शरीर को ऊर्जा मिलती है। साथ ही वजन घटाना भी आसान हो जाता है। नींबू का छिलका इसके सबसे फायदेमंद हिस्सों में से एक है क्योंकि इसमें लेमन ऑयल होता है।
जिप लॉक बैग में रहेंगे सुरक्षित : नींबू को लंबे समय तक स्टोर करके फ्रेश रखना चाहते हैं तो जिप लॉक बैग का प्रयोग करें। सील करने से पहले इसमें मौजूद एयर को निकाल दें और फिर फ्रिज में रखें। इस तरह नींबू चार से पांच सप्ताह तक सुरक्षित रहेंगे और इनका स्वाद भी बना रहेगा। नींबू का कोई छोटा टुकड़ा हो तो उसे एल्युमीनियम फॉइल में लपेटकर फ्रिज में रखें। किसी एयरटाइट कंटेनर में रखकर भी फ्रिज में स्टोर कर सकते हैं लेकिन इसे जल्द ही इस्तेमाल कर लें।
नींबू के रस को ट्रे में डालकर करें स्टोर: नींबू के रस को कभी भी कमरे के तापमान में न रखें। यह जल्द ही खराब हो जाता है। इसे किसी गहरे रंग की सतह वाली बोतल में डालकर ही फ्रिज में रखें। एक अन्य तरीका यह है कि नींबू के रस को आइस ट्रे में डालें और इससे लेमन क्यूब्स बना लिए जाएं।
इन फलों के पास न रखें : नींबू, एथिलीन के प्रति संवेदनशील होता है, जिसे पकाने वाले हार्मोन के रूप में जाना जाता है। यही वजह है कि नींबू को सेब और केले जैसे एथिलीन रिलीज करने वाले फलों के साथ न रखें वरना यह जल्दी खराब हो सकता है।
जल्द ही कम न हो जाए फ्लेवर : आपने नींबू की स्किन को कद्दूकस किया है तो इसे ज्यादा समय तक बाहर न रखें। इसे फौरन कांच के किसी जार या कंटेनर में स्टोर करें क्योंकि इसका फ्लेवर जल्द ही कम हो सकता है। ग्रेटेड लेमन का इस्तेमाल सूप, पास्ता, डिशेज, आइसक्रीम और सलाद आदि में किया जा सकता है।
नेचुरल क्लीनर के रूप में इस्तेमाल : स्टोर किए गए ग्रेटेड लेमन का इस्तेमाल त्वचा की चमक बढ़ाने के लिए किया जा सकता है। इसमें थोड़ी चीनी मिलाएं और चेहरे पर हल्के हाथों से मसाज करें। यह नेचुरल एक्सफोलिएटर का काम करता है। चाहें तो चीनी को थोड़ा पीस लें ताकि यह स्किन पर हार्श न हो। बाद में चेहरे को पानी से धोएं।
नींबू का रस सूजन को कम करने में मदद करता है और बॉडी को डिटॉक्सीफाई करता है। जब भी मार्केट से नींबू लेकर आएं तो इन्हें सीधी धूप से बचाएं। इन्हें फ्रीज करना चाहते हैं तो सबसे पहले नींबू को अच्छी तरह से धोकर पोंछ लें। इनकी स्लाइसेज काटें और बेकिंग शीट लगाकर प्लास्टिक रैप में लपेट दें। अब इन्हें फ्रीज करें। जब ये अच्छी तरह से फ्रीज हो जाएं तो इन्हें फ्रीजर सेफ बैग में ट्रांसफर कर दें।