जयपुर

Leopard In Jaipur: जयपुर में मंत्री के बंगले से निकलकर स्कूल में घुसा लेपर्ड, बच्चों को क्लासरूम में किया बंद; 2 घंटे तक दहशत में रहे लोग

Leopard In Jaipur Minister Bungalow: राजधानी जयपुर के पॉश इलाके सिविल लाइंस में गुरुवार को लेपर्ड घुस जाने से हड़कंप मच गया। हालांकि, दो घंटे बाद वन विभाग की टीम ने लेपर्ड को ट्रेंकुलाइज कर लिया।

2 min read
Nov 20, 2025
Leopard-1
सिविल लाइंस इलाके में लेपर्ड। फोटो: मदन मोहन मारवाल

जयपुर। राजधानी जयपुर के पॉश इलाके सिविल लाइंस में गुरुवार को लेपर्ड घुस जाने से हड़कंप मच गया। लेपर्ड पहले जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत के बंगले में घुस गया और फिर एक स्कूल में जा घुसा। ऐसे में टीचरों ने बच्चों को क्लासरूम में बंद कर दिया। इलाके में लेपर्ड घुसने से करीब 2 घंटे तक लोग दहशत में रहे।

सूचना मिलते ही डीसीएफ विजयपाल सिंह और रेंजर जितेंद्र सिंह शेखावत सहित रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने ट्रेंकुलाइज गन के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया और दो घंटे बाद लेपर्ड को ट्रेंकुलाइज किया। इसके बाद वन विभाग की टीम उसे पकड़कर झालाना लेपर्ड रिजर्व ले गई। तब जाकर इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे मंत्री के बंगले में लेपर्ड घूमते दिखा। सीसीटीवी फुटेज में भी उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया।

मौके पर वन विभाग की टीम। फोटो: दिनेश डाबी

दो घंटे तक इधर-उधर भागता रहा लेपर्ड

सिविल लाइंस इलाके में लेपर्ड दो घंटे तक इधर-उधर भागता रहा। जिसके चलते लेपर्ड को ट्रेंकुलाइज करने में टीम को काफी परेशानी हुई। लेपर्ड कभी मंत्री के बंगले में तो कभी स्कूल और घर की दीवारों पर छलांग लगाता रहा। 30 से अधिक वन विभाग अधिकारी और कर्मचारी रेस्क्यू में जुटे रहे।

मौके पर वन विभाग की टीम। फोटो: मदन मोहन मारवाल

मंत्री के बंगले से स्कूल में घुसा लेपर्ड

काफी देर मंत्री के बंगले में छिपने के बाद लेपर्ड लगभग 200 मीटर दूर स्थित दूसरी कॉलोनी में चला गया। लोग डर के मारे अपने घरों में कैद हो गए। कुछ देर के बाद लेपर्ड एक निजी स्कूल में जा पहुंचा। तुरंत ही क्लास रूम के दरवाजे बंद कर दिए। लेकिन, कुछ देर में लेपर्ड वहां से भाग निकला।

वन​ विभाग की टीम को मिली सफलता

आसपास के क्षेत्र को एक तरह से छावनी में बदलने के बाद आखिरकार एक घर से ले​पर्ड को ट्रेंकुलाइज किया गया। ले​पर्ड को उसी घर से ट्रेंकुलाइज किया, जिस घर में वह सबसे पहले घुसा था। वन विभाग की टीम लेपर्ड को पकड़कर झालाना लेपर्ड रिजर्व ले गई।

पॉश इलाकों में पहले ही कई बार आया लेपर्ड

पिछले कुछ महीनों की बात करें तो जयपुर के आबादी इलाकों में कई बार लेपर्ड आ चुका है। जिसकी वजह से जयपुरवासियों में दहशत का माहौल बन जाता है। कुछ महीनों में जयपुर के दुर्गापुरा, गोपालपुरा, जगतपुरा, खो-नागोरियान, विद्याधर नगर सहित कई इलाकों में लेपर्ड देखे जा चुके हैं। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि खाने की तलाश में लगातार लेपर्ड शहरों का रूख कर रहे हैं।

Updated on:
20 Nov 2025 02:56 pm
Published on:
20 Nov 2025 10:10 am