
जयपुर।
राजस्थान समेत पूरे देश में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Chunav 2019) की तैयारियां जोरो पर हैं। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव में प्रचार-प्रसार से सियासी समीकरण बदलने के लिए स्टार प्रचारकों की सूची (List of Star Campaigners BJP) जारी कर दी है।
बीजेपी के स्टार प्रचारकों की इस सूची में राजस्थान की सियासत के कुछ बड़े दिग्गजों के नाम भी शामिल है। वहीं सूची जारी होने के बाद अब ये दिग्गज नेता जल्द ही धुआंधार प्रचार करते नजर आएंगे। बीजेपी ने अपनी इस सूची में सबसे पहला नाम प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी ( Narendra Modi ) का दिया है। वहीं दूसरा नाम अमित शाह (Amit Shah ) और तीसरा नाम राजनाथ सिंह ( Rajnath Singh ) का है।
वहीं राजस्थान के नेताओं की बात करीब तो बीजेपी के 40 नामों की इस सूची में करीब 10 नेता राजस्थान बीजेपी के हैं। इस सूची में बीजेपी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया का नाम शामिल है। साथ ही बीजेपी के दिग्गज नेता और पूर्व सांसद ओमप्रकाश माथुर, जोधपुर सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, गुलाबचन्द कटारिया, राजेन्द्र सिंह राठौड़ समेत कई दिग्गजों को जिम्मेदारी दी है।
वसुंधरा राजे ( About Vasundhara Raje )
राजस्थान में दो बार मुख्यमंत्री रह चुकी बीजेपी नेता वसुंधरा राजे ग्वालियर राजघराने की पुत्री हैं। पूर्व सीएम राजे ने पहला चुनाव सन 1984 मे मध्यप्रदेश के भिड़ लोकसभा क्षेत्र से लडा था जिसमे उनकी हार हुई। राजे को 1984 में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया। इसके बाद 1985-87 के बीच राजे भाजपा युवा मोर्चा राजस्थान की उपाध्यक्ष रहीं।
1987 में वसुंधरा राजे राजस्थान प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष बनीं। सन 1998-1999 में अटलबिहारी वाजपेयी मंत्रिमंडल में राजे को विदेश राज्यमंत्री बनाया गया। वसुंधरा राजे को अक्टूबर 1999 में फिर केंद्रीय मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री के तौर पर स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया। भैरोंसिंह शेखावत के उपराष्ट्रपति बनने के बाद उन्हें राजस्थान में भाजपा राज्य इकाई का अध्यक्ष बनी।
2 बार राजस्थान की CM, 5 बार विधायक ( Vasundhara Raje Biography )
1985-90 सदस्य, 8वीं राजस्थान विधान सभा झालरापाटन से
2003-08 सदस्य, 12वीं राजस्थान विधान सभा में झालरापाटन से।
2008-13 सदस्य, 13वीं राजस्थान विधान सभा झालरापाटन से।
2013 सदस्य, 14वीं राजस्थान विधान सभा झालरापाटन से।
2018 सदस्य, 15वीं राजस्थान विधान सभा झालरापाटन से अपने प्रतिद्वंदी मानवेन्द्र सिह को हराया।
ओम माथुर ( About Om Mathur )
- ओम माथुर का नाम भी बीजेपी के दिग्गज नेताओं में शुमार है। विधानसभा चुनाव 2018 से पहले बीजेपी के ही कुछ कार्यकर्ताओं ने माथुर को राजस्थान में सीएम पद संभालने का अनुरोध किया था। माथुर भारतीय संसद में राजस्थान राज्य से राज्य सभा के सांसद रहे हैं। वर्तमान में वे उत्तर प्रदेश राज्य के भाजपा के प्रभारी है। इसी के साथ वे गुजरात व महाराष्ट्र के चुनाव प्रभारी भी रह चुके है।
गजेन्द्र सिंह शेखावत ( About gajendra singh shekhawat )
- गजेन्द्र सिंह शेखावत जोधपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से 16वीं लोकसभा में भाजपा सांसद हैं। इसी के साथ शेखावत के पास केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री भी हैं। बीजेपी ने शेखावत पर भरोसा जताते हुए उनका टिकट जोधपुर सीट से ही दिया है। शेखावत का मुकाबला यहां राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत से है।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ( About Rajyavardhan Singh Rathore )
- राज्यवर्धन सिंह राठौड़ वर्तमान में 16वीं लोकसभा में जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के सांसद के साथ-साथ केंद्रीय खेल मंत्री भी हैं। उन्होंने 2004 ओलंपिक खेलों में रजत पदक जीता था। एक दशक से अधिक के करियर में, उन्होंने राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में कई पदक भी जीते। उन्हें 2005 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। सेना और शूटिंग से उनकी सेवानिवृत्ति के बाद, वे 2014 में बीजेपी के सांसद चुने गए। इस दौरान वह नवंबर 2014 में सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री बने।
गुलाबचंद कटारिया ( About Gulab Chand Kataria )
- बीजेपी नेता गुलाबचंद कटारिया का नाम भी राजस्थान की सियासत के दिग्गज नेताओं में से एक हैं। वर्तमान में कटारिया उदयपुर विधानसभा से विधायक हैं। साथ ही वे पार्टी की केन्द्रीय कार्य समिति के सदस्य भी हैं। कटारिया राजस्थान सरकार में गृह मंत्री रह चुके हैं।
युनूस खान ( About yunus khan )
- राजस्थान की पूर्व CM वसुंधरा राजे के करीबी माने जाने वाले बीजेपी नेता यूनुस खान प्रदेश में परिवहन मंत्री रह चुके हैं। हाल ही में हुए राजस्थान विधानसभा चुनाव में यूनुस खान को उनकी परंपरागत डीडवाना सीट से हटाकर टोंक में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के सामने उतारा गया था। इस दौरान पायलट ने टोंक विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की और वसुंधरा सरकार में कद्दावर मंत्री रहे युनुस खान को हराया।
कैलाश मेघवाल ( About kailash chandra meghwal )
- बीजेपी नेता कैलाश मेघवाल पूर्व में राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसी के साथ वे पूर्व में केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। वर्तमान में भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं।
किरण माहेश्वरी ( About Kiran Maheshwari )
- राजस्थान में पूर्व बीजेपी सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी राजसमंद से विधायक हैं।
BJP की स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं राजस्थान के ये दिग्गज
वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje)
ओमप्रकाश माथुर (Om Prakash Mathur)
प्रकाश जावड़ेकर (Prakash Javadekar)
गजेन्द्र सिंह शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat)
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ (Rajyavardhan Singh Rathore)
गुलाबचन्द कटारिया (Gulab Chand Kataria)
मदनलाल सैनी (Madan Lal Saini)
राजेन्द्र सिंह राठौड़ (Rajendra Singh Rathore)
अरुण चतुर्वेदी (Arun Chaturvedi)
डॉ. किरोड़ी लाल मीणा (Kirodi Lal Meena)
अर्जुन राम मेघवाल (Arjun Ram Meghwal)
सी.आर. चौधरी (Chhotu Ram Chaudhary)