जयपुर

PM मोदी के समर्पण भाव से प्रभावित हैं राजकुलदीप सिंह, दिन-रात बना रहे भाजपा के झंडे

भाजपा कार्यकर्ता राजकुलदीप सिंह पूर्व उप राष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की नीतियों व पीएम नरेन्द्र मोदी के समर्पण भाव से प्रभावित हैं।
less than 1 minute read
Mar 14, 2019
राजकुलदीप सिंह

जयपुर। भाजपा कार्यकर्ता राजकुलदीप सिंह पूर्व उप राष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की नीतियों व पीएम नरेन्द्र मोदी के समर्पण भाव से प्रभावित हैं। राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हुए वे पार्टी के एजेंडे पर काम कर रहे हैं।

इसी के चलते चुनाव के दौरान परचून की अपनी दुकान का शटर तक एक-दो घंटे से ज्यादा नहीं खोलते। अर्जुन नगर फाटक निवासी सिंह पार्टी से मिले दिशा-निर्देशों की पालना के लिए सुबह से शाम तक दौड़ते हैं। समय मिलते ही पास की दुकान में पार्टी का झंडा बनाने में जुट जाते हैं। चुनाव लडऩे की इच्छा तो दूर-दूर तक नहीं है।

सिंह कहते हैं कि हम ग्राउंड लेवल पर काम कर रहे हैं। घर-घर पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं व उससे हुए लाभों के बारे में बता रहे हैं। मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं की टोली बनाई है। हर सुबह पार्क, धार्मिक स्थल जैसी जगहों पर लोगों को पार्टी की भावना से अवगत कराया जा रहा है।

इतना ही नहीं, पार्टी की ओर से शहर में 10 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं की टीम राउंड द क्लॉक सक्रिय रहेगी। लोगों से उनके सवाल पूछेंगे और संभव होगा तो उसी समय जिज्ञासा भी शांत करेंगे। हाल ही पाकिस्तान में हुई एयर स्ट्राइक पर फोकस किया जा रहा है। हालांकि इस बार कार्यकताओं के लिए मेहनत ज्यादा है, क्योंकि पिछली बार की तरह लहर नहीं है।

— जनसंपर्क के लिए पहली बार विकास समितियों को भी जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। हर कॉलोनी की विकास समितियों में से टीम बनाई गई है। इसमें स्थानीय कार्यकर्ता भी जोड़े गए हैं। चूंकि ये लोग उसी क्षेत्र के हैं, इसलिए इन टीमों की लोगों तक पहुंच भी ज्यादा रहेगी।

Published on:
14 Mar 2019 08:53 am