जयपुर

भरे बाजार में बस के हुए ब्रेक फेल, चालक ने दिखाई सूझबूझ, घायल होकर भी बचाई कई जानें

जाते-जाते भी मारने पर तुली लो फ्लोर, ब्रेक फेल पर हादसा टला
2 min read
Nov 29, 2017
jaipur

जयपुर। परकोटे से एक दिसंबर से विदा होने जा रही लो फ्लोर बसें हादसे पर उतारू हैं। बड़ी चौपड़ पर बुधवार को बेकाबू लो फ्लोर बस ब्रेक फेल होने से मिनी बस से टकरा गई। हालांकि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। रात 8 बजे कूकस से आ रही लो फ्लोर बस हवामहल रोड होते हुए बड़ी चौपड़ पार कर रही थी। ब्रेक फेल होने का पता चलने पर चालक चंद्रभान शर्मा ने बस को मेट्रो के बेरीकेड्स पर रोकने का प्रयास किया। रोकने के प्रयास में चालक ने आगे चल रही मिनी बस के टक्कर मार दी। इस दौरान करीब आधा दर्जन यात्रियों के मामूली चोटें आईं।

भीड़ थी, लग गया जाम

जिस समय बस के ब्रेक फेल हुए, उस समय चौपड़ पर अच्छी खासी भीड़ थी। जाम लगते देख थाना पुलिस ने ही यातायात को सुचारू किया। चालक चंद्रभान शर्मा ने बताया कि बड़ी चौपड़ पर चढ़ते समय ही ब्रेक फेल होने का अंदेशा हो गया था, ब्रेक लगाए तो बस रुकी नहीं। बस चालक के पैर में चोट आई है। माणकचौक थाना अधिकारी चेनाराम ने बताया कि लो फ्लोर बस चालक की सूझबूझ से बड़ी घटना होने से बच गई।

व्यापारी व लोग बोले, जाम से मिलेगी निजात

परकोटे में लो-फ्लोर बसों को बंद करने व एक दिसंबर से मिडी बसें चलाने के फैसले का व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। आम आदमी पार्टी ने बुधवार को जेसीटीएसएल की एमडी आकांक्षा चौधरी को धन्यवाद दिया। जयपुर शहर लोकसभा सह-प्रभार अमित शर्मा लियो ने कहा कि लो फ्लोर की वजह से परकोटे का व्यापार प्रभावित हो रहा था। साथ ही लोगों को भी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा था। जेसीटीएसएल के इस प्रयास से काफी हद तक लोगों को राहत मिलेगी।

Published on:
29 Nov 2017 11:31 pm