
गठवाड़ी (जयपुर)। जयपुर-दिल्ली, जयपुर-आगरा व जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस वे से जुड़े दो लेन के मनोहरपुर-दौसा एनएच 148 पर खामियों की वजह से हुए सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली है। हाईवे पर हुए कई सड़क हादसों में किसी के घर का चिराग बुझ गया तो कई महिलाओं का सुहाग उजड़ गया और कई बहनों का भाई दुर्घटना का शिकार हो गया। अब हाईवे पर दुर्घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित परिवारों के रोंगड़े खड़े हो जाते हैं।
हाईवे पर गठवाड़ी, रतनपुरा, चिलपली मोड़, बहलोड़, भावनी, रायसर, भट्ट का बास मोड़, भावनी व डांगरवाड़ा के पास अधिक हादसे हुए हैं। हाईवे पर पिछले 15 माह में 85 से अधिक लोगों की मौत हुई है। वहीं 130 से अधिक लोग घायल हुए है। 62 किमी के इस हाईवे पर सबसे अधिक हादसे रायसर थाना क्षेत्र में हुए हैं। हाईवे पर ऐसे कई बड़े हादसे हुए हैं, जिनमें तीन-तीन पीढ़ियां समाप्त हो गई।
जानकारी के अनुसार मनोहरपुर-दौसा हाईवे के फोरलेन निर्माण को लेकर 2 जनवरी को टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई थी। जिसके बाद हाईवे से जुड़े गांवों के बाशिंदों को सुगम आवागमन की आश जगी थी। फोरलेन टेंडर प्रक्रिया शुरू होने के बाद एनएचएआई ने हाईवे पर ओवरलेन (नवीनीकरण) के कार्य को भी रुकवा दिया। सड़क पर नेकावाला पुलिया पर सरिए निकले हुए हैं। वहीं कई अन्य जगहों पर भी कई बड़ी खामियां हैं। हाईवे जुड़े लिंक रोड पर ब्रेकर निर्माण भी नहीं किया गया।
संतरा के इकलौते बेटे की गई जान
21 अगस्त 2020 को मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर बोबाड़ी मोड़ के पास भोजपुरा निवासी संतरा शर्मा के इकलौते पुत्र रोहिताश शर्मा की तेज गति से आ रहे वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी। हादसे के कुछ महीनों बाद संतरा के पति मूलचंद शर्मा की भी बीमारी से मौत हो गई। जवान बेटे व पति के गुजरने के बाद अब पूरे घर की जिम्मेदारी संतरा के कंधों पर है।
सुशीला को पति व बेटे की मौत ने झकझोरा
13 दिसंबर 2022 को गठवाड़ी स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से अर्जुनपुरा निवासी सुशीला देवी के इकलौते पुत्र राहुल सैनी की मौत हो गई थी। राहुल के पिता की वर्ष 2015 में डेंगू से मृत्यु हो गई थी। पीड़िता ने जिम्मेदारों से हाईवे पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
मनोहरपुर-दौसा हाइवे पर 13 दिसम्बर 2022 को अर्जुनपुरा निवासी मीना देवी के इकलौते बेटे अनीश व श्रवण देवी के बेटे संतोष की तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से मौत हो गई थी। हादसे में अब हाईवे पर हादसों की भनक लगते की पुरानी यादें ताजा हो जाती है।