जयपुर

धीमी पड़ी मानसून की रफ्तार, राजस्थान में ये है मानसून की स्थिति, अब करना पड़ेगा और इंतजार

धीमी पड़ी मानसून की रफ्तार, राजस्थान में ये है मानसून की स्थिति, अब करना पड़ेगा और इंतजार
2 min read
Jun 19, 2018
Monsoon
Monsoon

जयपुर ।

प्रदेश में मानसून को लेकर मौसम विभाग ने हाल ही में नए आकंड़े जारी किए हैं। इन आंकड़ों के अनुसार मॉनसून की गति में ठहराव आ गया है। जहां एक तरफ मानसून तेजी से बढ़ रहा था वहीं 12 जून के बाद मानसून की गति बाधित हो गई है। मानसून की गति कमजोर पड़ने की वजह से मानसून की बारिश में भी प्रभाव पड़ा है। बारिश इस समय केवल पूर्वोत्तर भारत तक ही रुक गई है।

एक तरफ जहां कुछ दिनों से प्री मानसून सक्रिय था वहीं अब कुछ दिनों तक मानसून को लेकर कोई आशा नजर नहीं आ रही है। हाल ही में मौसम वैज्ञानिकों ने भी स्पष्ट कर दिया है की राजस्थान में मानसून तय समय से देरी से आएगा। पिछले कुछ दिनों से प्री मानसून के चलते जिलों में चल रही बारिश के बाद लोगों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन अब मौसम एक बार फिर से पलट गया है और सूर्य किरणों में तेजी के साथ गर्मी बढ़ने लगी है।

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 23 जून के बाद मानसून वापिस से सक्रिय हो सकता है और हवाओं में मानसून की सुगबुगाहट देखने को मिल सकती है। लेकिन हाल ही की मौसम की स्थिति को देखते हुए मानसून के लिए कोई निश्चित समय नहीं बताया जा सकता है।

बताया जा रहा है जहां मानसून इसी माह में 15 से 20 तारीख के बीच आने वाला था, वहीं अब मानसून आने में देरी हो रही है और अब मानसून का 27 जून के बाद या जुलाई के पहले सप्ताह तक आना बताया जा रहा है।

राजस्थान से दूर है मानसून

मौसम विभाग की माने तो मानसून राजस्थान से अभी बहुत दूर है। हर साल 18 जून तक मॉनसून बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़,मध्य प्रदेश, गुजरात के समेत पूरी उत्तर भारत तक पहुंच जाता है और इन तमाम इलाकों में भी बारिश होने लगती है लेकिन इस बार मौसम की स्थिति के अनुसार मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ने की वजह से यह अभी दूर है।

प्री मानसून ने दिलाई थी भीषण गर्मी से राहत

राजस्थान के कई जिलों में प्री मानसून की बारिश हुई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। राजस्थान को लेकर पहले मौसम वैज्ञानिकों का कहना था कि जिस गति से मानसून आगे बढ रहा है उससे माना जा रहा है कि राजस्थान में मानसून 18 या 19 जून को प्रवेश कर सकता है। यानि एक सप्ताह पहले मानूसन राजस्थान में दस्तक दे देगा। लेकिन हाल ही में बनी स्थितियों के बाद मानसून में देरी होना तय है। अब अनुमान लगाया जा रहा है की मानसून राजस्थान में 27 जून या जुलाई के प्रथम सप्ताह में दस्तक देगा।

Published on:
19 Jun 2018 05:36 am