जयपुर

Monsoon Update : मौसम विभाग का येलो अलर्ट, बस थोड़ी देर में राजस्थान के इन 2 जिलों में होगी बारिश

Monsoon Update : मौसम विभाग ने आज 28 जून को राजस्थान के 2 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जहां पर थोड़ी देर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जानें आने वाला सप्ताह कैसा रहेगा मौसम।
2 min read
• •
Updated: 28 Jun 2025, 9:11 AM IST
Monsoon Update Today Meteorological Department issued Yellow Alert in a short while Rajasthan these 2 districts Light to moderate rain
फाइल फोटो पत्रिका

Monsoon Update : राजस्थान में मानसून पूरी तरह से मेहरबान हैं। मौसम विभाग ने आज 28 जून को राजस्थान के 2 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के नए Prediction के अनुसार भरतपुर, धौलपुर जिलों के आस-पास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 20-30 KMPH रहने की भी संभावना है।

जैसलमेर में 2 दिन में हुई करीब तीन इंच बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में पूर्वी राजस्थान के साथ पश्चिमी राजस्थान में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक बीते 24 घंटे में सीकर, अलवर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, कोटा, जोधपुर, जैसलमेर समेत कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई। जैसलमेर में दो दिन में करीब तीन इंच बारिश हुई वहीं जोधपुर में शुक्रवार शाम को आधे घंटे तेज बारिश ने शहर को तरबतर कर दिया। वहीं राजधानी जयपुर में सुबह और दोपहर में तेज बारिश के बाद उमस रही।

आगामी एक सप्ताह के मौसम का पूर्वानुमान जानें

जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक राज्य के पूर्वी भागों में बारिश की गतिविधियां आगामी एक सप्ताह जारी रहने व कहीं-कहीं भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। शनिवार को जयपुर, भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी/अतिभारी बारिश होने की संभावना है। बीकानेर, जोधपुर संभाग में भी रविवार तक कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

प्रदेश में अब तक सामान्य से 150 फीसदी अधिक बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में जयपुर में 13.2, सीकर में 27, वनस्थली में 15.4, डबोक में 24.2, जैसलमेर में 114, डूंगरपुर में 45, दौसा में 30 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अब तक प्रदेश में सामान्य से 150 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है।

Updated on:
28 Jun 2025, 9:11 AM IST
Published on: