18 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

डमी के दम पर हासिल की सरकारी नौकरी, अब मूल व डमी दोनों केंडिडेट गिरफ्तार

RPSC 2022 Recruitment Fraud: राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) भर्ती परीक्षा-2022 में डमी परीक्षार्थियों के जरिए चयन के मामले में स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने मुख्य आरोपी अशोक कुमार विश्नोई और डमी परीक्षार्थी विजयपाल सिंह को गिरफ्तार किया है।

2 min read
Google source verification
एसओजी की हिरासत में आरोपी, पत्रिका फोटो

एसओजी की हिरासत में आरोपी, पत्रिका फोटो

RPSC 2022 Recruitment Fraud: राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) भर्ती परीक्षा-2022 में डमी परीक्षार्थियों के जरिए चयन के मामले में स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने मुख्य आरोपी अशोक कुमार विश्नोई और डमी परीक्षार्थी विजयपाल सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों पर इनाम घोषित था और वे लंबे समय से फरार थे।

डमी परीक्षार्थी हनुमानाराम ने दी थी परीक्षा

एडीजी विशाल बंसल के अनुसार 24 दिसंबर 2022 को आयोजित सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान तथा विज्ञान विषय की परीक्षा में गड़बड़ी सामने आई थी। जांच में पाया गया कि अशोक विश्नोई ने की जगह डमी परीक्षार्थी हनुमानाराम ने परीक्षा दी थी।

डमी बैठाकर नौकरी की हासिल

आरोपी हनुमानाराम पहले से सरकारी स्कूल में वरिष्ठ अध्यापक के पद पर कार्यरत था, जिसे 17 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है। जालोर के बागाडो स्थित वाडानया निवासी अशोक कुमार विश्नोई डमी परीक्षार्थियों के माध्यम से परीक्षा पास कर विज्ञान विषय में वरिष्ठ अध्यापक के पद पर चयनित हो गया था। उसके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी था और एसओजी ने उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

एमबीबीएस छात्र के अलावा दूसरा डमी भी गिरफ्तार

एक अन्य मामले में सवाईमाधोपुर के बरनाला निवासी सुरतराम मीणा के स्थान पर भी डमी परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। विज्ञान विषय की परीक्षा एमबीबीस छात्र महिपाल विश्नोई ने दी। महिपाल पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं सुरतराम की जगह सामान्य ज्ञान की परीक्षा देने वाले जालोर निवासी विजयपाल को भी गिरफ्तार कर लिया है। विजयपाल पर 10 हजार रुपए इनाम था। मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार शर्मा कर रहे हैं।

कुल 9,760 पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) भर्ती परीक्षा-2022 के तहत विभिन्न विषयों की कुल 9,760 पदों पर भर्ती आयोजित की थी। भर्ती प्रक्रिया के दौरान पेपर लीक की घटनाएं सामने आने के बाद कड़े कदम उठाए गए।
इसके तहत सामान्य ज्ञान एवं विज्ञान विषय की परीक्षा दोबारा 29 जनवरी 2023 और 30 जुलाई 2023 को कराई गई, ताकि चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाया जा सके। वहीं अब आरपीएससी ने आगामी भर्ती परीक्षाओं में सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किया हैं।